वाराणसी में 3 साल के प्रेम के बाद घर से भागे युवक-युवती, मंदिर में रचाई शादी; थाने में चली घंटों पंचायत

वाराणसी में 3 साल के प्रेम के बाद घर से भागे युवक-युवती, मंदिर में रचाई शादी; थाने में चली घंटों पंचायत

(रणभेरी): मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के दो अलग-अलग गांवों से जुड़े एक युवक और युवती के प्रेम संबंध ने शुक्रवार को नया मोड़ ले लिया, जब दोनों घर से भागकर विवाह करने के बाद थाने पहुंच गए। मामला सामने आने पर पुलिस ने दोनों पक्षों के परिजनों को बुलाकर समझौते की कोशिश की, लेकिन प्रेमी युगल साथ रहने की जिद पर अड़ा रहा।

जानकारी के अनुसार, दोनों की मुलाकात करीब तीन वर्ष पहले एक पारिवारिक समारोह में हुई थी। शुरुआत में सामान्य बातचीत धीरे-धीरे गहरे रिश्ते में बदल गई। समय के साथ उनका संपर्क बढ़ता गया और उन्होंने जीवन साथ बिताने का निर्णय कर लिया।

कुछ समय पहले युवती के घरवालों को इस संबंध की जानकारी मिल गई थी। इसके बाद परिवार ने उस पर सख्ती बढ़ा दी और उसकी गतिविधियों पर नजर रखी जाने लगी। बावजूद इसके, दोनों का संपर्क गुपचुप तरीके से जारी रहा।

करीब एक माह पूर्व दोनों ने घर छोड़ने का प्रयास किया था, लेकिन रास्ते में लोगों ने उन्हें रोककर परिजनों के हवाले कर दिया था। उस समय मामला शांत हो गया, हालांकि दोनों अपने फैसले पर कायम रहे। बीते गुरुवार को मौका मिलते ही दोनों फिर घर से निकल गए और मिर्जापुर जिले के एक मंदिर में विवाह कर लिया। इसके बाद वे कहीं दूर जाकर नई जिंदगी शुरू करने की योजना बना रहे थे।

शुक्रवार को जब दोनों वाराणसी रेलवे स्टेशन पहुंचे, तो उनकी कम उम्र और घबराहट ने वहां मौजूद लोगों का ध्यान आकर्षित किया। पूछताछ के दौरान मामला स्पष्ट होने पर एक ऑटो चालक ने उन्हें नजदीकी थाने पहुंचा दिया।

पुलिस ने पूछताछ के बाद संबंधित थाने में दोनों को उनके परिजनों के सामने पेश किया। देर तक चली बातचीत में परिवार ने उन्हें समझाने की कोशिश की, लेकिन युवक और युवती अपने निर्णय पर अडिग रहे। पुलिस मामले में आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने में जुटी है।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *