वाराणसी (रणभेरी): क्रूज निर्माण के नाम पर करोड़ों रुपये की कथित ठगी का मामला सामने आया है। इस संबंध में लंका थाने में केरल की एक निजी कंपनी और उसके निदेशकों समेत कई लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, रविदास घाट निवासी विवेक मालवीय की कंपनी अलकनंदा क्रूजलाइन लिमिटेड ने वर्ष 2022 में कोच्ची स्थित एक कंपनी को तीन क्रूज तैयार करने का ऑर्डर दिया था। कुल सौदा करीब 5.06 करोड़ रुपये में तय हुआ था। ऑर्डर की पुष्टि के लिए अगस्त 2022 में लगभग 1.52 करोड़ रुपये अग्रिम भुगतान भी किया गया।
समझौते के मुताबिक दो क्रूज मार्च 2023 तक तैयार होकर सौंपे जाने थे, लेकिन निर्धारित समय सीमा बीतने के बावजूद एक भी क्रूज तैयार नहीं किया गया। आरोप है कि कंपनी के प्रतिनिधियों ने अलग-अलग खर्चों का हवाला देकर लगातार अतिरिक्त धनराशि भी ली, लेकिन काम आगे नहीं बढ़ाया।
पीड़ित पक्ष का कहना है कि क्रूज की लागत के अलावा अयोध्या में अस्थायी शिपयार्ड स्थापित करने के नाम पर भी करीब 20 लाख रुपये लिए गए। दिसंबर 2023 तक कुल भुगतान 4 करोड़ रुपये से अधिक हो चुका था, फिर भी परियोजना अधूरी ही रही।
मामले में लंका थाने में कंपनी के निदेशकों और अन्य संबंधित लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
