वाराणसी (रणभेरी): वाराणसी कमिश्नरेट के अंतर्गत आने वाले चन्द्रा चौराहा क्षेत्र में रविवार देर रात उस समय हंगामा हो गया जब ड्यूटी पर तैनात एक यातायात पुलिसकर्मी के साथ कुछ युवकों ने विवाद के बाद हाथापाई कर दी। घटना के बाद पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए चार लोगों को हिरासत में ले लिया, जबकि एक बाइक को भी जब्त कर लिया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, यातायात पुलिसकर्मी नितेश कुमार चौराहे पर अपनी ड्यूटी निभा रहे थे। इसी दौरान नशे की हालत में पहुंचे चार युवकों की बाइक एक अन्य वाहन से टकरा गई। टक्कर के बाद दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हो गई, जो देखते ही देखते सड़क पर जाम और अफरातफरी का कारण बन गई।
स्थिति को नियंत्रित करने और यातायात बहाल कराने के लिए जब सिपाही मौके पर पहुंचे, तो आरोप है कि युवकों ने उनके साथ अभद्रता शुरू कर दी। इसी बीच एक युवक ने खुद को अधिवक्ता बताते हुए सिपाही को अलग ले जाकर बातचीत करने की कोशिश की, जबकि अन्य युवक एक बाइक सवार से उलझ गए और उसकी पिटाई कर दी।
बीच-बचाव करने पहुंचे सिपाही पर भी चारों युवकों ने कथित रूप से हमला कर दिया और उनकी वर्दी फाड़ दी। घटना के बाद मौके पर तनाव की स्थिति बन गई।
पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए अर्दली बाजार, बसही, सरसौली और भोजूबीर क्षेत्र के रहने वाले चार आरोपियों को हिरासत में लिया है। इनमें वैभव सिंह, शशांक सिंह, प्रिंस पटेल और अभि पटेल के नाम सामने आए हैं। वहीं, अभि पटेल की बुलेट मोटरसाइकिल को पुलिस ने सीज कर दिया है। थानाध्यक्ष पंकज कुमार त्रिपाठी ने बताया कि पीड़ित सिपाही की तहरीर के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है और मामले की जांच जारी है।
