वाराणसी (रणभेरी): वाराणसी के हरिश्चंद्र घाट मार्ग के पास उस समय तनावपूर्ण स्थिति बन गई, जब पुलिस आयुक्त के प्रस्तावित निरीक्षण से ठीक पहले कुछ बाहरी युवकों ने एक स्थानीय दुकानदार के साथ मारपीट कर दी। घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और लोगों में दहशत का माहौल बन गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, चारपहिया वाहन से शहर घूमने आए युवकों का किसी बात को लेकर दुकानदार से विवाद हो गया। मामूली कहासुनी देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई। स्थिति को संभालने के लिए मौजूद पुलिसकर्मियों ने हस्तक्षेप किया, लेकिन आरोपी युवकों ने उनसे भी बहस करते हुए माहौल को और बिगाड़ने की कोशिश की।
तत्काल कार्रवाई करते हुए पुलिस ने तीनों आरोपियों को वाहन समेत हिरासत में ले लिया। पकड़े गए युवकों की पहचान रांची निवासी अमन कुमार और हर्ष सिंह के साथ-साथ रोहतास (बिहार) के विक्रमगंज निवासी शिवम कुमार के रूप में हुई है।
मामले की जानकारी देते हुए एसीपी गौरव कुमार ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। साथ ही घटना के कारणों और इसमें अन्य लोगों की संभावित संलिप्तता की भी जांच की जा रही है। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से क्षेत्र में स्थिति फिलहाल नियंत्रण में है, लेकिन घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल जरूर खड़े कर दिए हैं।
