(रणभेरी): जिले के कोतवाली देहात क्षेत्र में गुरुवार देर रात एक ब्लड बैंक के भीतर हुई गोलीबारी की घटना से हड़कंप मच गया। रिटायर्ड पुलिसकर्मी के बेटे ने कथित तौर पर लैब टेक्नीशियन को गोली मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, नैपालापुर इलाके में स्थित दो मंजिला मकान के ग्राउंड फ्लोर पर ब्लड बैंक संचालित होता है, जिसकी देखरेख परिवार का ही सदस्य करता था। इसी ब्लड बैंक में कार्यरत 35 वर्षीय लैब टेक्नीशियन की आरोपी से किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। विवाद इतना बढ़ा कि आरोपी ने अपने पिता की लाइसेंसी रिवॉल्वर से टेक्नीशियन के सिर में गोली दाग दी।
गोली चलने की आवाज सुनकर घर के अन्य लोग और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। घायल टेक्नीशियन को तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस के मुताबिक, शुरुआती सूचना आत्महत्या की मिली थी, लेकिन मौके पर पहुंचकर जांच और पूछताछ के बाद मामला हत्या का निकला। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं और ब्लड बैंक को सील कर दिया गया है। वारदात में प्रयुक्त लाइसेंसी रिवॉल्वर को भी कब्जे में ले लिया गया है।
क्षेत्राधिकारी सदर ने बताया कि आरोपी की मानसिक स्थिति सामान्य नहीं बताई जा रही है और वह बाइपोलर डिसऑर्डर से पीड़ित बताया जा रहा है। हालांकि, हत्या के पीछे की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और परिजनों की तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
मृतक हाल ही में लखनऊ की नौकरी छोड़कर सीतापुर आया था और ब्लड बैंक में काम कर रहा था। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है, वहीं पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी हुई है।
