वाराणसी में 80 लाख की लूट: कार में सो रहे कर्मचारी को हथियार के बल पर बनाया बंधक

वाराणसी में 80 लाख की लूट: कार में सो रहे कर्मचारी को हथियार के बल पर बनाया बंधक

वाराणसी (रणभेरी): भेलूपुर थाना क्षेत्र के बजरडीहा स्थित शिवराज नगर कॉलोनी में एक बड़ी आपराधिक घटना सामने आई है, जहां नकाबपोश बदमाशों ने एक कंपनी कर्मचारी से करीब 80 लाख रुपये लूट लिए। घटना 14 मार्च की देर रात की बताई जा रही है।

मिली जानकारी के अनुसार, गुजरात निवासी कमलेश शाह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनकी फर्म ‘एसके ट्रेडर्स’ कृषि उत्पादों के व्यापार से जुड़ी है, जिसका संचालन देश के कई हिस्सों में होता है। वाराणसी से कुछ सामान खरीदने के लिए उन्होंने अपने अस्थायी कर्मचारी बजरंग सिंह को 80 लाख रुपये नकद देकर यहां भेजा था।

बताया जा रहा है कि कर्मचारी बजरंग सिंह वाराणसी पहुंचकर अपने परिचित राजेंद्र सिंह के घर के बाहर कार में ही ठहर गया। इसी दौरान देर रात छह अज्ञात बदमाश घर के परिसर में घुस आए। उन्होंने कार में सो रहे कर्मचारी को हथियार के बल पर काबू में कर लिया और उसके साथ मारपीट की।

इसके बाद बदमाश कार में रखी नकदी लेकर फरार हो गए। जाते-जाते उन्होंने कर्मचारी को जान से मारने की धमकी भी दी। घटना के बाद पीड़ित ने अपने परिचित और कंपनी से जुड़े अन्य लोगों को सूचना दी।

सूचना मिलने पर भेलूपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस के अनुसार, आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और बदमाशों की तलाश जारी है।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *