नाव पर डीजे और बीयर: वायरल वीडियो के बाद कार्रवाई, अस्सी घाट से पकड़ा गया युवक

नाव पर डीजे और बीयर: वायरल वीडियो के बाद कार्रवाई, अस्सी घाट से पकड़ा गया युवक

वाराणसी (रणभेरी): काशी में गंगा नदी के बीच नाव पर कथित ‘बीयर पार्टी’ का वीडियो सामने आने के बाद मामला तूल पकड़ता जा रहा है। रविवार शाम के इस वीडियो में कुछ युवक नाव पर डीजे बजाते हुए कैन से बीयर पीते नजर आ रहे हैं। वीडियो वायरल होने के बाद राजनीतिक प्रतिक्रियाएं भी तेज हो गईं और पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक युवक को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार युवक की पहचान अर्जुन राजभर (25) के रूप में हुई है, जो नगवां क्षेत्र का निवासी और पेशे से नाव सजाने का काम करता है। उसे अस्सी घाट इलाके से हिरासत में लिया गया। पूछताछ में उसने बताया कि वह अपने साथियों के साथ नाव से मिर्जापुर की ओर जा रहा था और रास्ते में उन्होंने नाव पर ही बीयर पी और डीजे पर नाच-गाना किया।

परंपरा के दौरान हुआ घटनाक्रम

जानकारी के मुताबिक, मांझी समाज हर वर्ष शीतला घाट से मिर्जापुर के अदलहाट स्थित शीतला माता मंदिर तक नावों के जरिए सामूहिक यात्रा करता है। इसी परंपरा के तहत रविवार शाम करीब 5:30 बजे नाविकों का समूह रवाना हुआ था। इसी दौरान किसी नाव पर यह वीडियो बनाया गया, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।

पहचान में आई दिक्कत, फिर दर्ज हुई FIR

वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने अन्य नाविकों की मदद से आरोपी की पहचान करने की कोशिश की, लेकिन शुरुआत में सफलता नहीं मिली। बाद में नाविक प्रेम साहनी की शिकायत पर भेलूपुर थाने में मुकदमा दर्ज किया गया। इसके बाद पुलिस अधिकारियों की निगरानी में जांच तेज की गई और आरोपी को चिन्हित कर गिरफ्तार कर लिया गया।

राजनीतिक प्रतिक्रियाएं

इस मामले पर Asaduddin Owaisi ने सवाल उठाते हुए सोशल मीडिया पर टिप्पणी की। उन्होंने पूछा कि क्या इस तरह सार्वजनिक रूप से शराब पीना उचित है और क्या इससे लोगों की भावनाएं आहत नहीं होतीं। उन्होंने यह भी सवाल किया कि क्या यह कानून का उल्लंघन नहीं है। वहीं, आम आदमी पार्टी ने भी सरकार से पूछा कि क्या गंगा नदी में इस तरह की गतिविधियों की अनुमति दी गई है।

पहले भी सामने आ चुका है ऐसा मामला

इससे पहले रमजान के दौरान गंगा में नाव पर ‘इफ्तार पार्टी’ का वीडियो वायरल हुआ था। उस मामले में कुछ युवकों द्वारा बिरयानी पार्टी की रील साझा की गई थी, जिसके बाद धार्मिक भावनाएं आहत होने का आरोप लगा। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 14 युवकों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था।

जांच जारी

पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और वीडियो में शामिल अन्य लोगों की भी पहचान की जा रही है। प्रशासन ने गंगा नदी में इस तरह की गतिविधियों को लेकर सख्ती बरतने के संकेत दिए हैं।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *