चेन्नई में दक्षिण की अभिनेत्री सुभाषिनी सुब्रमण्यम का निधन, पोस्टमार्टम के लिए भेजा शव
(रणभेरी): दक्षिण भारतीय टेलीविजन और फिल्म इंडस्ट्री की चर्चित अभिनेत्री सुभाषिनी सुब्रमण्यम का 36 वर्ष की उम्र में चेन्नई स्थित अपने अपार्टमेंट में शव बरामद हुआ। पुलिस सूत्रों के अनुसार, वह मानसिक दबाव और डिप्रेशन से जूझ रही थीं।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, सुभाषिनी ने 6 अप्रैल को अपने पति बिपिन चंद्रन से वीडियो कॉल पर विवाद किया था। पुलिस का कहना है कि इसी झगड़े के बाद उन्होंने कथित तौर पर आत्महत्या की। मृतका का शव उनके इयप्पंथंगल इलाके के किराए के फ्लैट में मिला और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

सुभाषिनी सुब्रमण्यम, श्रीलंका की रहने वाली थीं और तमिल टीवी और फिल्म इंडस्ट्री में सक्रिय थीं। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत 2012 में फिल्म इनी अवन से की थी और इसके बाद कई टीवी शोज और फिल्मों में काम किया। उन्हें सबसे अधिक पहचान टीवी सीरियल कायल में दीपिका के किरदार से मिली। इसके अलावा वे इल्लाम मेला इरुकुरवन पाथुप्पन और वेब जैसी फिल्मों का हिस्सा रही थीं।
सुभाषिनी ने 2024 में बिपिन चंद्रन से शादी की थी, लेकिन पिछले कुछ समय से दोनों अलग रह रहे थे। उनके इंस्टाग्राम पर करीब साढ़े चार लाख फॉलोअर्स हैं, और उन्होंने अपनी आखिरी पोस्ट में जीवन के महत्व पर लिखा था। पुलिस जांच अभी जारी है और मौत के वास्तविक कारण का पता लगाने के प्रयास किए जा रहे हैं।
