वाराणसी में अवैध गैस सिलेंडर भंडारण का भंडाफोड़, 200 से अधिक कमर्शियल सिलेंडर बरामद

वाराणसी में अवैध गैस सिलेंडर भंडारण का भंडाफोड़, 200 से अधिक कमर्शियल सिलेंडर बरामद

कैंट पुलिस की छापेमारी में बंद पेट्रोल पंप बना अवैध गोदाम, मिर्जापुर की गैस एजेंसी पर शक

वाराणसी (रणभेरी): एलपीजी गैस की किल्लत के बीच वाराणसी में अवैध गैस सिलेंडर भंडारण का बड़ा मामला सामने आया है। चौकाघाट इलाके में स्थित एक बंद पेट्रोल पंप की बिल्डिंग में कैंट पुलिस ने छापा मारकर 200 से अधिक कमर्शियल गैस सिलेंडर बरामद किए हैं।

पुलिस के अनुसार, ये सभी सिलेंडर भरे हुए थे और अवैध रूप से यहां जमा किए गए थे। प्राथमिक जांच में सामने आया है कि इन सिलेंडरों को ऊंचे दामों पर होटल और रेस्टोरेंट संचालकों को सप्लाई किया जा रहा था।

वाराणसी में अवैध गैस सिलेंडर भंडारण का भंडाफोड़, 200 से अधिक कमर्शियल सिलेंडर बरामद

बंद पेट्रोल पंप बना अवैध गोदाम

कैंट थाना प्रभारी शिवाकांत मिश्रा ने बताया कि सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने मौके पर छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान बंद पड़े पेट्रोल पंप की बिल्डिंग के अंदर भारी मात्रा में गैस सिलेंडर पाए गए, जिनकी संख्या 200 से अधिक है। फिलहाल सिलेंडरों की गिनती कराई जा रही है। उन्होंने बताया कि मौके पर मौजूद कई लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।

मिर्जापुर की गैस एजेंसी से जुड़ा मामला

पूछताछ में यह बात सामने आई है कि बरामद सिलेंडर अदलहाट स्थित सनराइज गैस एजेंसी के बताए जा रहे हैं। आरोप है कि एजेंसी संचालकों द्वारा इन सिलेंडरों को अवैध रूप से यहां स्टोर कर ब्लैक मार्केट में सप्लाई किया जा रहा था।

जिला आपूर्ति विभाग को सूचना

मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला आपूर्ति अधिकारी को भी मौके पर बुलाया गया है। अधिकारियों के पहुंचने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई तय की जाएगी। पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *