वाराणसी (रणभेरी): काशी हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) के हिंदी विभाग में परास्नातक द्वितीय वर्ष के एक छात्र के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। पीड़ित छात्र प्रशांत मिश्र ने आरोप लगाया है कि समाजवादी छात्र सभा, बीएचयू इकाई के अध्यक्ष हिमांशु यादव ने क्लास के दौरान उससे जाति पूछकर गाली-गलौज की और फिर उसकी पिटाई कर दी।
घटना बुधवार सुबह लगभग 11:45 बजे की बताई जा रही है, जब प्रशांत मिश्र अपनी कक्षा में मौजूद थे। इसी दौरान आरोपी हिमांशु यादव वहां पहुंचा और पहले छात्र से उसका कोर्स व जाति पूछी। आरोप है कि इसके बाद उसने अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए प्रशांत की पिटाई कर दी और जान से मारने की धमकी भी दी।
पूरी घटना कक्षा में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। घटना के बाद पीड़ित छात्र ने लंका थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई।मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने गुरुवार को आरोपी हिमांशु यादव को गिरफ्तार कर लिया। एसीपी भेलूपुर गौरव कुमार ने बताया कि एफआईआर दर्ज कर ली गई है और आरोपी के खिलाफ विधिक कार्रवाई जारी है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
