अमरोहा में सनसनी: शादी से पहले युवती प्रेमी संग फरार, परिवार को नशीला पदार्थ देकर किया बेहोश

अमरोहा में सनसनी: शादी से पहले युवती प्रेमी संग फरार, परिवार को नशीला पदार्थ देकर किया बेहोश

(रणभेरी): अमरोहा जनपद के देहात क्षेत्र से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जिसने इलाके में हड़कंप मचा दिया है। यह मामला पुराने चर्चित बावनखेड़ी कांड की याद दिलाता है। यहां एक युवती पर आरोप है कि उसने अपने प्रेमी के साथ मिलकर पूरे परिवार को नशीला पदार्थ खिलाया और फिर घर से फरार हो गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, एक किसान परिवार अपनी बेटी की शादी की तैयारियों में जुटा था। पांच अप्रैल को बारात आनी तय थी, जिसके चलते घर में खुशी का माहौल था। लेकिन 29 मार्च की शाम यह खुशी अचानक भय और अफरातफरी में बदल गई।

बताया जा रहा है कि रात करीब आठ बजे गांव के ही दो युवक रिजवान और उसका साथी जुनैद घर पहुंचे। आरोप है कि उन्होंने योजना के तहत भोजन में नशीला पदार्थ मिला दिया। खाना खाने के कुछ ही देर बाद परिवार के सभी सदस्य बेहोश हो गए।

रात में घर से कोई गतिविधि न होने पर पड़ोसियों को शक हुआ। जब वे घर के अंदर पहुंचे तो सभी लोग अचेत अवस्था में मिले। इसके बाद ग्रामीणों ने तुरंत सभी को अस्पताल पहुंचाया, जहां कई लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है। होश में आने पर परिवार के मुखिया ने अपनी बेटी को गायब पाया। बाद में जानकारी मिली कि वह युवक रिजवान के साथ चली गई है और इस पूरी घटना में जुनैद की भी भूमिका बताई जा रही है।

इस घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है और शादी की खुशियां गम में बदल गई हैं। पूरे गांव में दहशत का माहौल है। पुलिस ने पीड़ित परिवार की तहरीर पर दोनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। क्षेत्राधिकारी ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला प्रेम संबंधों से जुड़ा प्रतीत होता है और आरोपियों की तलाश तेज कर दी गई है। जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *