पति की मौत के बाद पत्नी के हक पर विवाद, दूसरी महिला ने किया दावा

पति की मौत के बाद पत्नी के हक पर विवाद, दूसरी महिला ने किया दावा

वाराणसी (रणभेरी): वाराणसी जिले से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां एक दिवंगत शिक्षक की पत्नी को अपने अधिकारों के लिए अधिकारियों के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं। पति की मृत्यु के कुछ ही महीनों बाद एक अन्य महिला द्वारा खुद को पत्नी बताने के दावे ने पूरे मामले को उलझा दिया है।

मृतक शिक्षक रामवृक्ष की पत्नी मिथिलेश देवी अपने परिवार के साथ जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (BSA) कार्यालय पहुंचीं। हाथों में दस्तावेजों की फाइल लेकर उन्होंने अधिकारियों के सामने अपनी बात रखी और न्याय की मांग की। उन्होंने बताया कि सभी सरकारी रिकॉर्ड, दस्तावेज और फोटो में उनका और उनके बच्चों का ही नाम दर्ज है, फिर भी एक दूसरी महिला गलत दावा कर रही है।

मिथिलेश देवी के अनुसार, उनके पति रामवृक्ष वाराणसी के चोलापुर क्षेत्र स्थित पलकहा प्राथमिक विद्यालय में प्रधानाध्यापक के पद पर कार्यरत थे। 11 दिसंबर 2025 को उनका निधन हो गया था। उनके निधन के बाद से ही एक महिला सामने आई है, जो खुद को उनकी पत्नी बताकर विभागीय लाभ लेने की कोशिश कर रही है।

मिथिलेश ने यह भी आरोप लगाया कि दावा करने वाली महिला गाजीपुर जिले के सैदपुर क्षेत्र की निवासी है और पहले से ही विवाहित है। उन्होंने कहा कि यह महिला विभाग को गुमराह कर रही है।

पति की मौत के बाद पत्नी के हक पर विवाद, दूसरी महिला ने किया दावा

इस मामले में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अनुराग श्रीवास्तव ने कहा कि किसी भी व्यक्ति को फर्जी दस्तावेजों के आधार पर लाभ नहीं लेने दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि मिथिलेश देवी द्वारा दी गई शिकायत को संबंधित फाइल में शामिल कर लिया गया है और मामले की जांच की जाएगी, ताकि किसी प्रकार की धोखाधड़ी न हो। फिलहाल, विभाग इस पूरे प्रकरण की जांच में जुटा है और सच्चाई सामने आने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *