वाराणसी (रणभेरी): शहर के नदेसर क्षेत्र में स्थित पीसीएफ प्लाजा में सोमवार सुबह अचानक भीषण आग लग गई। शुरुआती जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है। आग तेजी से फैलने पर बिल्डिंग में मौजूद दुकानदारों में अफरा-तफरी मच गई और कई लोग अपनी दुकानें छोड़कर बाहर भागकर जान बचाने को मजबूर हो गए।
जानकारी के मुताबिक, आग बिल्डिंग के ग्राउंड फ्लोर पर बनी एक गैलरी में लगी, जहां लगभग एक दर्जन दुकानें संचालित होती हैं। इन दुकानों में कंप्यूटर, लैपटॉप, वायर, अर्थिंग और इलेक्ट्रॉनिक सामान से जुड़ा कारोबार होता था। आग की लपटों में फंसकर ज्यादातर दुकानें पूरी तरह जलकर राख हो गईं। दुकानदारों के अनुसार इस घटना में लगभग एक करोड़ रुपये से अधिक का नुकसान होने का अनुमान है।

सूचना मिलने के बाद फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। फायर ब्रिगेड चेतगंज के प्रभारी दीपक सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में एक दुकान में शॉर्ट सर्किट से आग लगने की बात सामने आई है। फिलहाल स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है।
बताया जा रहा है कि पीसीएफ प्लाजा तीन मंजिला इमारत है, जिसमें 100 से अधिक दुकानें और कई कार्यालय संचालित होते हैं। इसी भवन के दूसरे तल पर उपभोक्ता विवाद निवारण फोरम का कार्यालय भी स्थित है। इसके बावजूद भवन में सुरक्षा व्यवस्था और विद्युत प्रणाली को लेकर गंभीर लापरवाही सामने आई है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बिल्डिंग के प्रवेश द्वार से ही कई जगह पुराने और खुले बिजली के तार दिखाई देते हैं। कई तार कटे-फटे हाल में हैं और पूरे परिसर में तारों का जाल फैला हुआ है, जो किसी भी समय बड़े हादसे को न्योता दे सकता है।
दुकानदारों का कहना है कि सुरक्षा के लिए अधिकांश दुकानों में सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं, जिन्हें चालू रखने के लिए रात में भी बिजली सप्लाई जारी रहती है। आशंका जताई जा रही है कि लगातार बिजली चालू रहने और पुरानी वायरिंग के कारण शॉर्ट सर्किट हुआ होगा।
सोलर उपकरण की दुकान चलाने वाले राजन ने बताया कि जब वह सुबह बिल्डिंग के अंदर पहुंचे तो चारों तरफ घना धुआं भरा हुआ था। उन्होंने कहा कि उनकी दुकान पहली मंजिल पर है, लेकिन वहां भी धुआं भर चुका था। स्थिति देखकर उन्होंने तुरंत दुकान बंद की और बाहर निकल आए।
वहीं अर्थिंग के सामान की दुकान पर काम करने वाले गोविंद यादव ने बताया कि उनकी दुकान में रखा पूरा सामान आग में जलकर नष्ट हो गया। दूसरी मंजिल पर काम करने वाले राम बाबू के मुताबिक आग लगने के दौरान पूरी इमारत में धुआं फैल गया था, जिससे लोगों को सांस लेने में भी दिक्कत हो रही थी।
घटना के बाद इलाके में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। फिलहाल आग पर काबू पा लिया गया है और नुकसान का आकलन किया जा रहा है।
