वाराणसी में कृषि उपकरण के गोदाम में भीषण आग, लाखों का नुकसान

वाराणसी में कृषि उपकरण के गोदाम में भीषण आग, लाखों का नुकसान

वाराणसी (रणभेरी): सिगरा थाना क्षेत्र के मलदहिया इलाके में एक कृषि उपकरण के गोदाम में अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मलदहिया चौराहे के पास लाजपत नगर कॉलोनी गेट नंबर तीन के सामने स्थित एक टीन शेड के गोदाम से रात करीब 10 बजे लपटें उठती दिखाई दीं। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया, जिससे आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय निवासी गोविंद ने तुरंत पुलिस और फायर सर्विस को सूचना दी।

मौके पर पहुंचे सिगरा थाना प्रभारी संजय मिश्रा पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और लोगों को सुरक्षित दूरी पर हटाया। कुछ ही देर में चेतगंज फायर स्टेशन से दो दमकल गाड़ियां भी पहुंच गईं, जिन्होंने आग बुझाने का अभियान शुरू किया। करीब एक घंटे की कड़ी मेहनत के बाद आग पर काबू पाया जा सका।

वाराणसी में कृषि उपकरण के गोदाम में भीषण आग, लाखों का नुकसान

गोदाम के मालिक सत्यनारायण दुबे के अनुसार, गोदाम में कृषि उपकरणों के साथ प्लास्टिक तिरपाल और पैकिंग सामग्री रखी हुई थी। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार करीब 10 लाख रुपये से अधिक का माल रखा था, हालांकि वास्तविक नुकसान का आंकलन जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

फायर विभाग के अधिकारियों ने प्राथमिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया है, लेकिन वास्तविक वजह का खुलासा विस्तृत जांच के बाद ही हो पाएगा। राहत की बात यह रही कि समय रहते आग पर काबू पा लिया गया, जिससे पास स्थित फर्नीचर गोदाम को नुकसान होने से बचा लिया गया।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *