वाराणसी (रणभेरी): वाराणसी जिले में एक बार फिर मौसम ने करवट ले ली है। शुक्रवार को सुबह से ही आसमान में घने काले बादल छाए रहे और तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश का दौर शुरू हो गया। मौसम में आए इस बदलाव से जहां लोगों को गर्मी से राहत मिली, वहीं तेज हवा और बारिश ने जनजीवन पर असर डाला है।
मौसम विभाग ने वाराणसी को ऑरेंज अलर्ट पर रखा है। जानकारी के मुताबिक, हवा की रफ्तार 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच गई, जिससे कई इलाकों में लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
बारिश और तेज हवा का सबसे ज्यादा असर ग्रामीण इलाकों में देखने को मिला। रोहनिया और मोहनसराय क्षेत्र के कई गांवों में गेहूं की फसल भीग गई है, जिससे किसानों की चिंता बढ़ गई है। खेतों में खड़ी फसल को नुकसान होने की आशंका जताई जा रही है।
शहर के बनारस स्टेशन, कैंट, लंका, अस्सी, शिवपुर, रामनगर और अन्य इलाकों में दिनभर रुक-रुक कर बारिश होती रही। तेज हवा के चलते सड़कों पर भी सामान्य गतिविधियां प्रभावित हुईं।
मौसम विभाग के अनुसार, दिनभर तेज हवाओं के झोंके चलते रहेंगे और बीच-बीच में हल्की से मध्यम बारिश जारी रह सकती है। फिलहाल यह अलर्ट शुक्रवार के लिए जारी किया गया है, हालांकि शनिवार और रविवार को भी मौसम में बदलाव और बारिश की संभावना बनी हुई है। प्रशासन और मौसम विभाग ने लोगों से सतर्क रहने और जरूरत पड़ने पर ही घर से बाहर निकलने की सलाह दी है।
