वाराणसी (रणभेरी): वाराणसी के तुलसी घाट पर रविवार सुबह गंगा स्नान के दौरान दर्दनाक हादसा हो गया। गोरखपुर से परिवार के साथ घूमने आए दो युवक गंगा में डूब गए। सूचना मिलते ही NDRF और जल पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और तुरंत रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद एक युवक का शव बरामद कर लिया गया, जबकि दूसरे किशोर की तलाश कई घंटों से जारी है।
जानकारी के मुताबिक गोरखपुर के डुमरैला इलाके से करीब 15 लोगों का परिवार वाराणसी घूमने आया था। रविवार सुबह लगभग 7 बजे सभी लोग तुलसी घाट पर गंगा स्नान करने पहुंचे। इसी दौरान 18 वर्षीय निखिल और 12 वर्षीय आयुष भी गंगा में नहाने के लिए उतरे।

नहाते-नहाते दोनों युवक धीरे-धीरे घाट से आगे की ओर बढ़ने लगे। घाट पर मौजूद लोगों ने उन्हें चेतावनी दी कि आगे पानी गहरा है और वहां न जाएं। हालांकि एक युवक ने कहा कि उन्हें तैरना आता है। इसके बाद दोनों गहरे पानी की ओर चले गए। कुछ ही देर में संतुलन बिगड़ने से दोनों डूबने लगे।
घटना देखकर घाट पर मौजूद लोगों ने शोर मचाया और तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही NDRF और जल पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं और खोजबीन शुरू की। करीब एक घंटे के प्रयास के बाद NDRF ने 18 वर्षीय निखिल को नदी से बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।

वहीं 12 वर्षीय आयुष की तलाश के लिए गोताखोरों और NDRF की टीम लगातार सर्च ऑपरेशन चला रही है। आयुष के पिता अनिल ने बताया कि वे लोग गोरखपुर से वाराणसी घूमने आए थे और गंगा स्नान के बाद बाबा विश्वनाथ के दर्शन करने का कार्यक्रम था। उन्होंने बताया कि आयुष नहाते-नहाते गहरे पानी की ओर चला गया और डूबने लगा। उसे बचाने के लिए उनका भांजा निखिल भी आगे बढ़ा, लेकिन उसका पैर फिसल गया और वह भी गंगा में समा गया।
उन्होंने कहा कि दोनों बच्चे परिवार के सामने ही डूब गए। निखिल का शव मिल चुका है, जबकि आयुष की तलाश अभी जारी है। घटना के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।
