वाराणसी के परिषदीय स्कूलों के 700 शिक्षकों को मिली ट्रेनिंग
वाराणसी (रणभेरी) : सरकारी स्कूलों के शिक्षक अब शिक्षा की सिर्फ पारंपरिक पद्धति तक सीमित नहीं रहेंगे। इसके लिए बेसिक शिक्षा विभाग के चुनिंदा शिक्षकों को भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान कानपुर एवं सीमेट (राज्य शैक्षिक प्रबंधन एवं प्रशिक्षण संस्थान) प्रयागराज में विशेष प्रशिक्षण दिया गया। मास्टर ट्रेनर ने वाराणसी के अन्य शिक्षकों को आईएफपीडी के माध्यम से एआई, कोडिंग, साइबर सिक्योरिटी, डिजिटलाइजेशन (डिजिटल शिक्षण योजना) और कंप्यूटर की अन्य विधाओं जैसे गूगल फॉर्म, ऑनलाइन लैब्स, पीएचईटी-सिमुलेशन एवं गूगल नोटबुक एलएम, दीक्षा आदि का उद्देश्यपरक एवं सार्थक उपयोग करते हुए डिजिटल शिक्षण योजना अपनाने का प्रशिक्षण दिया।
वाराणसी के मुख्य विकास अधिकारी प्रखर कुमार सिंह ने बताया कि समग्र शिक्षा अभियान के अंतर्गत डायट, सारनाथ, वाराणसी में जनपद के सभी विकास खंडों में के पीएम श्री विद्यालयों, उच्च प्राथमिक विद्यालयों एवं कंपोजिट विद्यालयों के शिक्षकों के लिए आईसीटी आधारित दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया था। यह पहल राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के प्रावधानों के अनुरूप डिजिटल, समावेशी एवं कौशल-आधारित शिक्षा को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने बताया कि अब तक 700 से अधिक शिक्षकों को प्रशिक्षित किया जा चुका है।
