अगले 2-3 साल में 18वीं ब्रांच की शुरुआत, 50 सीटों की संभावना
वाराणसी (रणभेरी): आईआईटी-बीएचयू में अब आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) से बीटेक की पढ़ाई शुरू करने की तैयारी तेज हो गई है। संस्थान में एआई का अलग विभाग स्थापित किया जाएगा। वर्तमान में यहां 17 ब्रांचों में बीटेक संचालित हो रहा है और कुल 16 विभाग व चार स्कूल कार्यरत हैं।
एआई विभाग के जुड़ने के बाद यह 18वीं ब्रांच होगी। देश में फिलहाल आईआईटी खगड़पुर, आईआईटी हैदराबाद और आईआईटी गांधीनगर में एआई से बीटेक कराया जा रहा है। देशभर में इस कोर्स के लिए करीब 130 सीटें हैं, जिनमें सर्वाधिक 50 सीटें आईआईटी खड़गपुर में हैं। आईआईटी बीएचयू में भी लगभग इतनी ही सीटें प्रस्तावित हैं। संस्थान में एआई लैब की स्थापना की जा चुकी है, जिसे कोफोर्ज डेटा और आईआईटी बीएचयू ने संयुक्त रूप से विकसित किया है।
इस लैब में सीएसआर के तहत छात्रों को एआई और डेटा तकनीक में व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जा रहा है, ताकि उन्हें उद्योगों से सीधे जोड़कर वास्तविक समस्याओं के समाधान की क्षमता विकसित की जा सके। निदेशक प्रो. अमित पात्रा के अनुसार, एआई विभाग को लेकर अगले दो से तीन वर्षों में बड़ा निवेश होगा। प्रोफेसरों की नई भर्ती की जाएगी और छात्र-शिक्षक अनुपात बेहतर किया जाएगा। संस्थान में एआई एग्रोटेक और एआई मेडिकल हेल्थ केयर पर विशेष फोकस रहेगा, जिसमें बीएचयू के अन्य विभागों के साथ मिलकर शोध को आगे बढ़ाया जाएगा।
