वाराणसी (रणभेरी): वाराणसी के चौक थाना क्षेत्र अंतर्गत कर्णघंटा इलाके में बंद आभूषण दुकान से करोड़ों रुपये के सोने की सनसनीखेज चोरी के मामले में बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। इस हाई-प्रोफाइल केस के मुख्य आरोपी और कथित सरगना शुभम विश्वकर्मा को सत्र न्यायालय से जमानत मिल गई है।
सत्र न्यायाधीश संजिव शुक्ला की अदालत ने आरोपी की जमानत अर्जी स्वीकार करते हुए दो जमानतदारों पर रिहाई का आदेश दिया। शुभम विश्वकर्मा गाजीपुर जिले के मौधा खानपुर का निवासी बताया गया है।
केयर टेकर निकला मास्टरमाइंड
इस चोरी का खुलासा बीते दिनों डीसीपी क्राइम द्वारा किया गया था। जांच में सामने आया कि चोरी का मुख्य सूत्रधार कोई बाहरी अपराधी नहीं, बल्कि आभूषण कारोबारी के मकान की देखरेख करने वाला केयर टेकर ही था। उसने अपने चार साथियों के साथ मिलकर महीनों पहले साजिश रची और फिल्मी अंदाज़ में वारदात को अंजाम दिया।
अभियोजन के अनुसार, मुंबई और वाराणसी में स्वर्ण व्यापार करने वाले दिवाकर राणा ने थाना चौक में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। 5 जनवरी 2026 को उनके कर्मचारी तारक घोराई ने दुकान से भारी मात्रा में सोना गायब होने की सूचना दी थी। चोरी गया माल कुल 2214.778 ग्राम, यानी लगभग 2.2 किलोग्राम 18 कैरेट मिक्स सोना था।
CCTV से खुला राज
विवेचना के दौरान पुलिस ने दीपेश चौहान को गिरफ्तार किया, जिसके पास से 75.19 ग्राम सोने के आभूषण बरामद हुए। पूछताछ में उसने शुभम विश्वकर्मा उर्फ चिंटू समेत अन्य साथियों के नाम उजागर किए। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और सर्विलांस की मदद से सभी आरोपियों को कैंट रेलवे स्टेशन के पास से दबोच लिया। उनके कब्जे से करीब 2 किलो 122 ग्राम सोने के आभूषण बरामद किए गए।
काशी जोन के डीसीपी सरवणन टी. के मुताबिक, वाराणसी कमिश्नरेट के इतिहास में यह चोरी के मामलों में अब तक की सबसे बड़ी रिकवरी मानी जा रही है।
तीन महीने पहले रची गई थी साजिश
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि आरोपियों ने तीन महीने पहले ही चोरी की योजना बना ली थी। इसके लिए डुप्लीकेट चाभी तैयार कराई गई और घटना को सामान्य सेंधमारी दिखाने के लिए खिड़की का शीशा भी तोड़ा गया, लेकिन पूरी साजिश कैमरों में कैद हो गई।
ये आरोपी हुए थे गिरफ्तार-दीपेश चौहान (जौनपुर), विकास बेनवंशी (गाजीपुर),शुभम विश्वकर्मा (गाजीपुर)सैनुद्दीन अंसारी (गाजीपुर),तारक घोराई (पश्चिम बंगाल)
बरामद आभूषणों की सूची
बरामदगी में हार, कनौती, नथ, अंगूठियां, मंगलसूत्र लॉकेट, बृजबाली और झुमके समेत कुल 2122 ग्राम पीली धातु के आभूषण शामिल हैं, जिन्हें कूड़ाखाना बेनिया क्षेत्र से बरामद किया गया।
