काशी विश्वनाथ धाम पहुंचीं अभिनेत्री जैकलीन फर्नांडीज, त्रिपुंड धारण कर किया दर्शन-पूजन

काशी विश्वनाथ धाम पहुंचीं अभिनेत्री जैकलीन फर्नांडीज, त्रिपुंड धारण कर किया दर्शन-पूजन

वाराणसी (रणभेरी): बॉलीवुड की जानी-मानी अभिनेत्री जैकलीन फर्नांडीज रविवार को विश्वनाथ नगरी काशी पहुंचीं। उन्होंने श्री काशी विश्वनाथ धाम में विधिवत दर्शन-पूजन किया और माथे पर त्रिपुंड धारण कर ‘हर-हर महादेव’ का जयघोष किया। मंदिर परिसर में उनकी मौजूदगी से श्रद्धालुओं और प्रशंसकों में उत्सुकता देखने को मिली।

दर्शन के उपरांत जब अभिनेत्री धाम से बाहर निकलीं तो मुंह पर मास्क लगाए होने के बावजूद उन्हें देखने और मोबाइल कैमरे में कैद करने वालों की भीड़ उमड़ पड़ी। सुरक्षा व्यवस्था के तहत पुलिस घेरे में गेट नंबर चार से उन्हें सीधे वाहन तक पहुंचाया गया।

काशी विश्वनाथ धाम पहुंचीं अभिनेत्री जैकलीन फर्नांडीज, त्रिपुंड धारण कर किया दर्शन-पूजन

मंदिर परिसर में मौजूद लोगों से बातचीत में अभिनेत्री ने कहा कि काशी के बारे में जितना सुना था, वास्तविक अनुभव उससे कहीं अधिक दिव्य है। यहां की आध्यात्मिक ऊर्जा मन को शांति देती है और भीतर तक सकारात्मकता भर देती है। इसके बाद उन्होंने गंगा घाटों का भी भ्रमण किया और वहां के अलौकिक वातावरण को नजदीक से महसूस किया।

गौरतलब है कि जैकलीन फर्नांडीज श्रीलंकाई मूल की भारतीय अभिनेत्री हैं। उन्होंने वर्ष 2009 में हिंदी सिनेमा में कदम रखा था और इसके बाद कई चर्चित फिल्मों में अभिनय किया। अपने करियर के शुरुआती दौर में ही उन्हें सर्वश्रेष्ठ नवोदित अभिनेत्री का अंतरराष्ट्रीय सम्मान भी प्राप्त हुआ था। काशी प्रवास के दौरान अभिनेत्री का यह आध्यात्मिक अनुभव उनके लिए यादगार बन गया।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *