राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस की राज्य स्तरीय प्रतियोगिता का वाराणसी में पहली बार आयोजन, प्रदेश के 165 दल ले रहे हिस्सा; 21 टीमों का होगा राष्ट्रीय स्तर के लिए चयन
वाराणसी (रणभेरी): मंदिरों में चढ़ाए जाने वाले फूलों से मच्छर भगाने वाला कार्ड और सब्जियों के छिलकों से बायोडिग्रेडेबल प्लास्टिक। सुनने में भले ही ये प्रयोग सामान्य लगें, लेकिन इनके जरिए छात्राओं ने पर्यावरण प्रदूषण की दो बड़ी समस्याओं का समाधान खोजने की कोशिश की है। राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस की 32वीं राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में वाराणसी की छात्राओं के इन प्रयोगों ने सभी का ध्यान खींचा।
शहर में पहली बार आयोजित हो रही इस तीन दिवसीय प्रतियोगिता का शुभारंभ शुक्रवार को SHEAT पब्लिक स्कूल में हुआ। इसमें प्रदेश के 165 चयनित दल अपनी वैज्ञानिक परियोजनाओं के साथ प्रतिभाग कर रहे हैं। प्रतियोगिता में छात्र-छात्राएं रोजमर्रा की समस्याओं को पहचानकर विज्ञान और प्रयोगों के माध्यम से उनके समाधान प्रस्तुत कर रहे हैं।
फूलों के कचरे से तैयार किया मच्छर भगाने वाला कार्ड
संत अतुलानंद कॉन्वेंट स्कूल की कक्षा नौ की छात्राएं जान्हवी सिंह और शिवांगी ने मंदिरों में चढ़ाए जाने वाले फूलों के कचरे का उपयोग कर बायोडिग्रेडेबल मॉस्किटो रिपेलेंट कार्ड तैयार किया है। इसके लिए दोनों ने आसपास के क्षेत्रों का सर्वे किया। इसमें पता चला कि मंदिरों में चढ़ाए जाने वाले फूलों को अक्सर नदियों में विसर्जित कर दिया जाता है, जिससे जल प्रदूषण बढ़ता है। वहीं, नदी किनारे रहने वाले लोगों ने मच्छरों की समस्या भी बताई।

दोनों समस्याओं को देखते हुए छात्राओं ने फूलों से मच्छर भगाने वाला कार्ड बनाने का प्रयोग किया। इसमें गेंदे के फूल, सिट्रोनेला और नीम का इस्तेमाल किया गया है। सिट्रोनेला में मौजूद प्राकृतिक तत्व मच्छरों को दूर रखने में मदद करते हैं। कार्ड को आकार देने और उसकी परतों को जोड़ने के लिए गेहूं के आटे का पेस्ट बनाया गया, जबकि जलाने पर धुआं उत्पन्न करने के लिए कपूर मिलाया गया। सभी सामग्रियों को पीसकर शीट तैयार की गई और सूखने के बाद छोटे-छोटे कार्ड काटे गए।
खास बात यह है कि छात्राओं ने इसकी पैकेजिंग में भी प्लास्टिक का इस्तेमाल नहीं किया। पुराने अखबारों, कॉपियों के कागज और फूलों से पैकेजिंग बॉक्स तैयार किया। इसके बाद सिंथोलिया क्षेत्र में लोगों को अपना उत्पाद दिखाकर उनकी प्रतिक्रिया भी जानी।
सब्जियों के छिलकों से तैयार किया प्लास्टिक का विकल्प
पीएम श्री राजकीय बालिका इंटर कॉलेज की कक्षा 10 की छात्रा शिवा ने सब्जियों के छिलकों में मौजूद स्टार्च से बायोडिग्रेडेबल प्लास्टिक तैयार करने का प्रयोग किया है। छात्रा के अनुसार सामान्य प्लास्टिक के बढ़ते इस्तेमाल से माइक्रोप्लास्टिक प्रदूषण की समस्या गंभीर हो रही है। ऐसे में सब्जियों के कचरे का उपयोग कर प्लास्टिक का विकल्प तैयार करने की कोशिश की गई।
उन्होंने बताया कि आलू और अन्य सब्जियों के छिलकों से स्टार्च निकालकर उसका इस्तेमाल बायोप्लास्टिक बनाने में किया जा सकता है। इस प्रक्रिया में ग्लिसरीन की मात्रा अहम होती है। इसकी अधिक मात्रा से शीट चिपचिपी हो सकती है, जबकि कम मात्रा होने पर वह सख्त होकर टूट सकती है। सही अनुपात में ग्लिसरीन मिलाने से लचीली शीट तैयार की जा सकती है। इस प्रयोग का उद्देश्य खासतौर पर एकल उपयोग वाले प्लास्टिक का विकल्प विकसित करना है।
विज्ञान किताबों और प्रयोगशालाओं तक सीमित नहीं : विशेषज्ञ
उद्घाटन सत्र में BSIP के पूर्व वैज्ञानिक डॉ. सीएम नौटियाल ने कहा कि विज्ञान केवल किताबों और प्रयोगशालाओं तक सीमित नहीं है, बल्कि हमारे आसपास होने वाली प्राकृतिक और सामाजिक गतिविधियों में भी मौजूद है। बच्चों में सवाल पूछने, तथ्यों का अवलोकन करने और प्रमाण के आधार पर निष्कर्ष निकालने की प्रवृत्ति विकसित करना जरूरी है।
VICAS के संस्थापक निदेशक एवं राज्य समन्वयक डॉ. एसके सिंह ने कहा कि वैज्ञानिक ज्ञान तभी सार्थक है, जब वह आम आदमी के जीवन से जुड़कर उसकी समस्याओं का समाधान करे। स्वच्छता, पेयजल, पर्यावरण संरक्षण, ऊर्जा और स्वास्थ्य जैसे विषयों में बच्चों की भागीदारी समाज में सकारात्मक बदलाव ला सकती है।
काशी हिंदू विश्वविद्यालय के पर्यावरण एवं सतत विकास संस्थान के निदेशक प्रो. एएस रघुवंशी ने कहा कि स्वच्छ हवा, शुद्ध जल, मिट्टी की गुणवत्ता और जैव विविधता का सीधा असर मानव स्वास्थ्य पर पड़ता है। विकास और पर्यावरण संरक्षण के बीच संतुलन के लिए वैज्ञानिक समझ और सामूहिक जिम्मेदारी जरूरी है।
BHU के चिकित्सा विज्ञान
संस्थान के पूर्व निदेशक प्रो. विजय नाथ मिश्र ने कहा कि भोजन, नींद, शारीरिक गतिविधियां और जीवनशैली सभी वैज्ञानिक सिद्धांतों से जुड़े हैं। स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता का अर्थ केवल बीमारियों का इलाज नहीं, बल्कि वैज्ञानिक जानकारी के आधार पर स्वस्थ आदतें अपनाना भी है।
TIFAC के पूर्व कार्यकारी निदेशक डॉ. प्रदीप कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि दैनिक जीवन में इस्तेमाल होने वाली आधुनिक सुविधाओं के पीछे वर्षों का वैज्ञानिक अनुसंधान और मानवीय जिज्ञासा होती है। तकनीक का वास्तविक महत्व तभी है, जब उसका लाभ आम लोगों तक पहुंचे।
छह कक्षों में हुई परियोजनाओं की प्रस्तुति
उद्घाटन के बाद बाल विज्ञान प्रदर्शनी और गतिविधि केंद्र का शुभारंभ किया गया। इसके बाद छह कक्षों में तकनीकी सत्र आयोजित हुए। चयनित दलों के समूह नेताओं ने विशेषज्ञों और मूल्यांकनकर्ताओं के सामने अपनी परियोजनाएं प्रस्तुत कीं। विद्यार्थियों ने अपने अवलोकन, प्रयोग और निष्कर्षों को तर्क के साथ समझाया।
शिक्षकों और विद्यार्थियों के लिए आयोजित कार्यशाला में डॉ. सीएम नौटियाल, प्रो. विजय नाथ मिश्र और BHU के प्राणी विज्ञान विभाग के प्रो. ज्ञानेश्वर चौबे ने वैज्ञानिक दृष्टिकोण और दैनिक जीवन में विज्ञान की उपयोगिता पर चर्चा की। वहीं, ‘वैज्ञानिकों के साथ आमने-सामने’ कार्यक्रम में विद्यार्थियों को विशेषज्ञों से सीधे सवाल पूछने का अवसर मिला।
नृत्य-संगीत में भी दिखा विज्ञान का रंग
शाम को आयोजित सांस्कृतिक संध्या में नृत्य और संगीत के जरिए विज्ञान के सिद्धांतों को समझाया गया। महाराष्ट्र की लावणी, हरियाणवी नृत्य, संगीत प्रस्तुति, कथक और युगल नृत्य ने दर्शकों का मन मोह लिया। प्रस्तुतियों के माध्यम से ढोलकी की थाप में ध्वनि और कंपन, नृत्य में ऊर्जा का रूपांतरण, संगीत में आवृत्ति और अनुनाद तथा कथक के चक्करों में गति और संतुलन के सिद्धांतों को प्रदर्शित किया गया।

तीन दिवसीय प्रतियोगिता में 28 नवंबर को विज्ञान रैली, परियोजना प्रस्तुतियां और कार्यशालाएं आयोजित होंगी। वहीं, 29 नवंबर को समापन समारोह में प्रदेश की 21 सर्वश्रेष्ठ टीमों का चयन राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता के लिए किया जाएगा।
