ऑटो की टक्कर से तीन वर्षीय मासूम की मौत, चालक फरार

ऑटो की टक्कर से तीन वर्षीय मासूम की मौत, चालक फरार

वाराणसी (रणभेरी): बलुआ थाना क्षेत्र के गांव में गुरुवार दोपहर घर के दरवाजे के सामने खड़ंजे पर खेल रहे तीन वर्षीय मासूम को तेज रफ्तार ऑटो ने कुचल दिया। हादसे में गंभीर रूप से घायल बालक को परिजन आनन-फानन में बीएचयू ट्रामा सेंटर ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद चालक ऑटो समेत मौके से फरार हो गया।

जानकारी के अनुसार, बलुआ गांव निवासी रंजीत कुमार गुप्ता का तीन वर्षीय पुत्र अयांश उर्फ अजय घर के बाहर बने खड़ंजे पर खेल रहा था। इसी दौरान हरेहूं की ओर से तेज रफ्तार में आ रहा अज्ञात ऑटो बालक को कुचलते हुए निकल गया। हादसे के बाद परिजन उसे तत्काल बीएचयू ट्रामा सेंटर लेकर पहुंचे, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

मृतक के पिता रंजीत कुमार गुप्ता ने शुक्रवार को अज्ञात ऑटो और उसके चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया। पुलिस फरार चालक और ऑटो की तलाश में जुटी है। अयांश दो भाइयों में छोटा था। मासूम की मौत से परिवार में कोहराम मचा है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *