(रणभेरी): टीवी इंडस्ट्री के मशहूर कलाकार करण वाही और जेनिफर विंगेट को लेकर सोशल मीडिया पर हलचल तेज रही। दोनों की शादी को लेकर दिनभर इंटरनेट पर तरह-तरह की चर्चाएं होती रहीं और कई पोर्टल्स ने इस पर रिपोर्ट्स भी प्रकाशित कर दीं।
हालांकि, इन तमाम अटकलों पर अब खुद करण वाही ने विराम लगा दिया है। करण वाही ने शादी की खबरों को सिरे से नकारते हुए इन्हें “फेक न्यूज” करार दिया। एक्टर के इस बयान के बाद फिलहाल दोनों के रिश्ते को लेकर फैल रही अफवाहों पर ब्रेक लग गया है।

करण वाही और जेनिफर विंगेट इंडस्ट्री में पुराने दोस्त माने जाते हैं। दोनों ने अपने करियर की शुरुआत में पॉपुलर टीवी शो ‘दिल मिल गए’ में साथ काम किया था, जहां जेनिफर विंगेट ने डॉ. रिद्धिमा गुप्ता और करण वाही ने डॉ. सिद्धांत मोदी का किरदार निभाया था।
करीब 14 साल बाद, साल 2024 में, दोनों एक बार फिर वेब सीरीज ‘रायसिंघानी वर्सेस रायसिंघानी’ में साथ नजर आए। इस सीरीज में दोनों की ऑन-स्क्रीन केमिस्ट्री को दर्शकों ने खूब सराहा, जिसके बाद उनके रिश्ते को लेकर चर्चाओं ने जोर पकड़ लिया। अगर पर्सनल लाइफ की बात करें तो करण वाही लंबे समय से सिंगल हैं। वहीं जेनिफर विंगेट की शादी पहले एक्टर करण सिंह ग्रोवर से हुई थी। दोनों ने 2012 में शादी की थी, लेकिन यह रिश्ता ज्यादा समय तक नहीं चल सका और नवंबर 2014 में दोनों ने अलग होने की घोषणा कर दी थी।

वर्क फ्रंट की बात करें तो जेनिफर विंगेट जल्द ही एक अनटाइटल्ड नेटफ्लिक्स वेब सीरीज में दिखाई देंगी, जिसे रेंसिल डी’सिल्वा डायरेक्ट कर रहे हैं। इस सीरीज के जरिए परिणीति चोपड़ा भी वेब सीरीज में डेब्यू करने जा रही हैं। इसमें ताहिर राज भसीन और सुमित व्यास भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे।
वहीं करण वाही आने वाले समय में सुरभि ज्योति के साथ शो ‘सेवन एंड ए हाफ डेट्स’ में दिखाई देंगे। इसके अलावा वह हाल ही में ‘कपल गोल्स सीजन 5’ में शिवांगी जोशी के साथ नजर आए थे।
