सोनिया गांधी की आत्मकथा खरीदने अस्सी घाट पहुंचे अजय राय, बोले- प्रधानमंत्री पद ठुकराना हर किसी के बस की बात नहीं

सोनिया गांधी की आत्मकथा खरीदने अस्सी घाट पहुंचे अजय राय, बोले- प्रधानमंत्री पद ठुकराना हर किसी के बस की बात नहीं

किताब में गांधी परिवार के निजी रिश्तों, राजनीतिक संघर्षों और ऐतिहासिक घटनाओं का जिक्र; काशी विश्वनाथ कॉरिडोर पर बोले- विकास हो, विनाश नहीं

वाराणसी (रणभेरी): कांग्रेस की पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी की आत्मकथा ‘बिलॉन्गिंग: अ जर्नी ऑफ लव’ को लेकर काशी में भी लोगों की दिलचस्पी बढ़ने लगी है। बुधवार को कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अजय राय किताब खरीदने के लिए अस्सी घाट पहुंचे। किताब खरीदने के बाद उन्होंने घाट किनारे चाय पर चर्चा की और लोगों को सोनिया गांधी के जीवन, संघर्ष और राजनीतिक फैसलों के बारे में जानकारी दी।

इस दौरान अजय राय ने कहा कि सोनिया गांधी जैसा व्यक्तित्व देश में दूसरा नहीं है। प्रधानमंत्री बनने का अवसर होने के बावजूद पद स्वीकार न करना हर किसी के बस की बात नहीं है। उन्होंने कहा कि सोनिया गांधी ने प्रधानमंत्री पद छोड़कर देश के बड़े अर्थशास्त्री डॉ. मनमोहन सिंह को प्रधानमंत्री बनाया था। यह फैसला उनके त्याग और राजनीतिक सोच को दर्शाता है। उन्होंने लोगों से सोनिया गांधी के संघर्ष और जीवन को समझने के लिए किताब पढ़ने की अपील की।

परिवार की त्रासदियों और राजनीतिक घटनाओं का भी उल्लेख

अजय राय ने कहा कि आत्मकथा में सोनिया गांधी ने अपने जीवन के व्यक्तिगत और राजनीतिक संघर्षों को विस्तार से सामने रखा है। इसमें गांधी परिवार से जुड़ी कई त्रासदियों, रिश्तों और ऐतिहासिक घटनाओं का जिक्र है। आपातकाल के बाद चुनावी हार, संजय गांधी का निधन, इंदिरा गांधी और राजीव गांधी की हत्या तथा खुद को कैंसर होने की जानकारी मिलने जैसे प्रसंग भी किताब का हिस्सा हैं।

सोनिया गांधी की आत्मकथा खरीदने अस्सी घाट पहुंचे अजय राय, बोले- प्रधानमंत्री पद ठुकराना हर किसी के बस की बात नहीं

उन्होंने बताया कि किताब के सात अध्यायों में राजीव गांधी से पहली मुलाकात, प्रेम और विवाह, भारत आगमन, इंदिरा गांधी के निधन के बाद राजीव गांधी का प्रधानमंत्री बनना और राजीव गांधी की हत्या के बाद कांग्रेस नेतृत्व की जिम्मेदारी संभालने तक के सफर को शामिल किया गया है।

प्रधानमंत्री पद नहीं स्वीकारने के फैसले का भी जिक्र

अजय राय ने कहा कि किताब में 2014 के लोकसभा चुनाव के बाद प्रधानमंत्री पद स्वीकार नहीं करने के फैसले का भी उल्लेख है। सोनिया गांधी ने इसे अपनी अंतरात्मा की आवाज से जुड़ा फैसला बताया है। उनके मुताबिक, किताब में परिवार के निजी रिश्तों और कुछ विवादित घटनाओं पर भी सोनिया गांधी ने अपना पक्ष रखा है। इसमें मेनका गांधी सहित परिवार के अन्य सदस्यों से जुड़े प्रसंग भी शामिल हैं।

बनारस में उपलब्धता से बढ़ी उत्सुकता

अजय राय ने कहा कि दिल्ली में किताब के विमोचन के अगले ही दिन अस्सी घाट पर इसकी उपलब्धता लोगों की दिलचस्पी को दर्शाती है। उन्होंने कहा कि बाबा विश्वनाथ की नगरी के लोग भी सोनिया गांधी के जीवन और संघर्ष को जानना चाहते हैं। किताब की कीमत 850 से 1200 रुपये के बीच होने के सवाल पर उन्होंने कहा कि अभी इसकी शुरुआत हुई है। कांग्रेस की ओर से इसे अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।

सोनिया गांधी की आत्मकथा खरीदने अस्सी घाट पहुंचे अजय राय, बोले- प्रधानमंत्री पद ठुकराना हर किसी के बस की बात नहीं

बोले- विकास के नाम पर विरासत को नुकसान पहुंचाना ठीक नहीं

काशी विश्वनाथ कॉरिडोर को लेकर पूछे गए सवाल पर अजय राय ने केंद्र सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि विकास जरूरी है, लेकिन इसके नाम पर काशी की प्राचीन विरासत और मंदिरों को नुकसान नहीं पहुंचना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि कॉरिडोर निर्माण के दौरान कई पुराने मंदिरों और धार्मिक धरोहरों को क्षति पहुंची है। अक्षयवट सहित अन्य मंदिरों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि काशी की असली पहचान उसकी पुरानी गलियों, मंदिरों और धार्मिक परंपराओं में है। विकास ऐसा होना चाहिए, जिससे विरासत सुरक्षित रहे, न कि उसका विनाश हो।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *