सोनिया गांधी की किताब में काशी विश्वनाथ कॉरिडोर का जिक्र, लिखा- इंदिरा गांधी ने रुकवा दिया था तोड़फोड़ का प्रस्ताव

सोनिया गांधी की किताब में काशी विश्वनाथ कॉरिडोर का जिक्र, लिखा- इंदिरा गांधी ने रुकवा दिया था तोड़फोड़ का प्रस्ताव

आपातकाल के दौरान संजय गांधी ने काशी विश्वनाथ क्षेत्र के चौड़ीकरण और सुधार की योजना बनाई थी; मकानों की तोड़फोड़ और जनता के विरोध की आशंका पर इंदिरा गांधी ने किया था हस्तक्षेप

वाराणसी (रणभेरी): कांग्रेस की पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी की नई किताब ‘बिलॉन्गिंग: अ जर्नी ऑफ लव’ में काशी विश्वनाथ मंदिर क्षेत्र के विकास से जुड़े एक पुराने प्रस्ताव का उल्लेख किया गया है। सोनिया गांधी ने किताब में दावा किया है कि आपातकाल के दौरान संजय गांधी ने काशी विश्वनाथ क्षेत्र के चौड़ीकरण और सुधार की योजना तैयार कराई थी। हालांकि, बड़े पैमाने पर मकानों की तोड़फोड़ और स्थानीय लोगों के विरोध की आशंका को देखते हुए तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने हस्तक्षेप कर इस प्रस्ताव को रुकवा दिया था।

सोनिया गांधी के मुताबिक, यह योजना विश्व के सबसे प्राचीन शहरों में शामिल काशी के पुराने स्वरूप को प्रभावित कर सकती थी। इसी आशंका के चलते इंदिरा गांधी ने प्रस्ताव पर आगे काम नहीं होने दिया। किताब में काशी विश्वनाथ क्षेत्र से जुड़ा यह प्रसंग मंदिर कॉरिडोर के मौजूदा स्वरूप से पहले की विकास योजनाओं की ओर ध्यान खींचता है।

वाराणसी दौरे में बेहोश होकर गिर गई थीं सोनिया

सोनिया गांधी ने अपनी किताब में अगस्त 2016 के वाराणसी दौरे का भी विस्तार से जिक्र किया है। उस समय उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच गठबंधन हुआ था। राहुल गांधी और अखिलेश यादव के संयुक्त रोड शो से पहले सोनिया गांधी ने वाराणसी में चुनावी रैली की थी।

किताब के अनुसार, इसके बाद करीब पांच घंटे तक चले रोड शो के दौरान अत्यधिक थकान के कारण सोनिया गांधी बेहोश होकर गिर गई थीं। इस घटना में उनका कंधा बुरी तरह टूट गया था। हालत बिगड़ने पर उन्हें पहले एक होटल में रखा गया। देर रात बाबतपुर एयरपोर्ट से एयर एंबुलेंस के जरिए दिल्ली ले जाया गया, जहां उनका गंभीर ऑपरेशन हुआ।

544 पन्नों में निजी जीवन और राजनीतिक सफर

सोनिया गांधी की किताब ‘बिलॉन्गिंग: अ जर्नी ऑफ लव’ 10 नवंबर से बाजार में उपलब्ध है। हार्पर कॉलिन्स इंडिया से प्रकाशित इस पुस्तक में कुल 544 पन्ने और सात अध्याय हैं। इसके पहले संस्करण की एक लाख प्रतियां प्रकाशित की गई हैं। किताब के कवर पर सोनिया गांधी की तस्वीर है, जिसे वर्ष 1966 में राजीव गांधी ने कैमरे में कैद किया था। पुस्तक के शुरुआती पन्ने पर इसे बेटे राहुल, बेटी प्रियंका और पोते-पोतियों रेहान व मिराया को समर्पित किया गया है। सोनिया गांधी ने इसे अपनी निजी स्मृतियों पर आधारित संस्मरण बताया है। उनका कहना है कि यह राजनीतिक किताब नहीं है, बल्कि उनके जीवन, रिश्तों और परिवार से जुड़े अनुभवों का दस्तावेज है।

गांधी परिवार की त्रासदियों का भी जिक्र

पुस्तक में आपातकाल के बाद हुए चुनाव में कांग्रेस की हार, संजय गांधी का निधन, इंदिरा गांधी की हत्या और राजीव गांधी की हत्या जैसी घटनाओं का उल्लेख है। इसके अलावा सोनिया गांधी ने अपने कैंसर का पता चलने से जुड़े अनुभव भी साझा किए हैं। सात अध्यायों में राजीव गांधी से पहली मुलाकात, प्रेम और विवाह, भारत आने के अनुभव, इंदिरा गांधी के निधन के बाद राजीव गांधी का प्रधानमंत्री बनना और उनकी हत्या के बाद कांग्रेस नेतृत्व की जिम्मेदारी संभालने तक का सफर शामिल है।

किताब में 2014 के लोकसभा चुनाव के बाद प्रधानमंत्री पद स्वीकार नहीं करने के फैसले पर भी चर्चा की गई है। सोनिया गांधी ने बताया है कि कांग्रेस गठबंधन को बहुमत मिलने के बावजूद उन्होंने अपनी ‘अंतरात्मा की आवाज’ पर प्रधानमंत्री बनने से इनकार कर दिया था। इस तरह किताब में निजी जीवन की यादों के साथ देश की राजनीति के कई अहम घटनाक्रमों और गांधी परिवार से जुड़े अनकहे प्रसंगों को भी जगह दी गई है।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *