वाराणसी घूमने जा रहे प्रेमी युगल की बाइक को ट्रक ने मारी टक्कर, युवती की मौत, युवक घायल

वाराणसी घूमने जा रहे प्रेमी युगल की बाइक को ट्रक ने मारी टक्कर, युवती की मौत, युवक घायल

शादी से पहले घूमने निकले थे दोनों, दो ट्रकों की चपेट में आने से हुआ हादसा; युवती कक्षा 11 की थी छात्रा

वाराणसी (रणभेरी): वाराणसी में रोहनिया थाना क्षेत्र के पंडितपुर गांव के पास नेशनल हाईवे-19 पर बुधवार को दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवती की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। दोनों मिर्जापुर से बाइक पर सवार होकर वाराणसी घूमने जा रहे थे। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

जानकारी के अनुसार, मिर्जापुर जिले के कछवां थाना क्षेत्र के केवटाबीर निवासी किशन यादव (22) अपनी प्रेमिका शिवानी (18) के साथ बाइक से वाराणसी आ रहा था। पंडितपुर गांव के पास हाईवे पर आगे चल रही बाइक को बचाने के प्रयास में किशन ने अचानक अपनी बाइक मोड़ दी। इसी दौरान पीछे से आ रहे ट्रक ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर लगने से दोनों सड़क पर गिर पड़े। तभी पीछे से आ रहे दूसरे ट्रक का पहिया शिवानी के ऊपर चढ़ गया। गंभीर रूप से कुचलने के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई, जबकि किशन घायल हो गया।

घटना की सूचना पर पहुंची रोहनिया पुलिस ने घायल किशन को उपचार के लिए अस्पताल भेजा। वहीं, शिवानी के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे की जानकारी मिलने पर परिजन भी रोहनिया थाने पहुंच गए। बताया गया कि किशन और शिवानी की कुछ दिनों बाद शादी होने वाली थी। शिवानी तीन बहनों और एक भाई में सबसे बड़ी थी। वह कक्षा 11 की छात्रा थी। शादी से पहले दोनों के साथ हुए इस दर्दनाक हादसे से परिवार में मातम छा गया।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *