यूं ही मेहरबान रही आदमपुर पुलिस तो बनारस में भी चल सकती है गोलियां !

यूं ही मेहरबान रही आदमपुर पुलिस तो बनारस में भी चल सकती है गोलियां !
  • गाजीपुर में जुए में हार के बाद युवक की हत्या ने खड़े किए सवाल
  • आदमपुर में लाखों के दांव और जुआरियों पर पुलिस संरक्षण का खेल फिर चर्चा में
  • उठ रहे है ‘पीडीए’ नेटवर्क और राजेश टाइट की भूमिका पर सवाल

वाराणसी (रणभेरी)। जुए की एक बाजी में 25 हजार रुपये हारने की खीझ ने गाजीपुर में एक युवक की जान ले ली। मामूली हंसी-मजाक से गुस्साए ग्राम प्रधान ने तमंचा निकालकर दो युवकों को गोली मार दी। इसमें एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल है। गाजीपुर की यह वारदात बनारस के लिए भी खतरे की घंटी है। सवाल उठता है कि यदि आदमपुर थाना क्षेत्र में फल-फूल रहे जुए के अड्डों पर इसी तरह थाना प्रभारी विमल मिश्रा की मेहरबानी बनी रही तो यहां भी हार-जीत की बाजी कभी खूनी संघर्ष में बदल सकती है। आखिर क्या वजह है की वाराणसी कमिश्नरेट की आदमपुर पुलिस किसी बड़ी वारदात को खुला आमंत्रण देने में शामिल है ?

आदमपुर थाना क्षेत्र में जुए के कारोबार को लेकर रणभेरी की लगातार प्रकाशित खोजी खबरों के बाद कुछ दिनों तक गतिविधियां बंद होने की चर्चा रही, लेकिन अब सूत्रों का दावा है कि अंसाराबाद सहित आस पास के कई मोहल्ले में बड़े पैमाने पर जुए की महफिल सज रही है। बताया जा रहा है कि पिछले एक सप्ताह से पुलिस संरक्षण में लाखों रुपये के दांव लगाए जा रहे हैं। सूत्र बता रहे है कि इन दिनों अन्नू यादव, पुल्लू यादव एवं दीपक यादव उर्फ़ कल्लू की देखरेख में पूरे थाना क्षेत्र में दर्जनों स्थानों पर जुए का खेल अपने चरम पर है । ऐसे में सवाल है कि पिछली खबरों के बाद हुई कार्रवाई का असर महज कुछ दिनों तक ही क्यों रहा ? इस जुआ नेटवर्क में ‘पीडीए’ कोड भी चर्चा का विषय बना हुआ है।

यूं ही मेहरबान रही आदमपुर पुलिस तो बनारस में भी चल सकती है गोलियां !

AI द्वारा संपादित प्रतीकात्मक फोटो

सूत्रों के दावे के मुताबिक, पी से पुल्लू यादव, डी से दीपक यादव और ए से अन्नू यादव का संकेत मिलता है। आरोप है कि नेटवर्क से जुडे’ लोग इस कोड का इस्तेमाल करते हैं। यहां तक दावा किया जा रहा है कि जुए की महफ़िल में आने और जाने वाले जुवारी जब इस कोड का हवाला देते है तब नकदी से भरे बैग की तलाशी नहीं होती।

वहीं दूसरी तरफ जुआ नेटवर्क के दोबारा सक्रिय होने के बीच राजेश टाइट नाम के व्यक्ति की भूमिका भी चर्चा में है। सूत्रों का आरोप है कि वह जुआ संचालकों और पुलिस महकमे के बीच मध्यस्थ की भूमिका निभाता है। इससे पहले कोडीन कफ सिरप कारोबार से जुड़े करीब एक दर्जन कारोबारियों के साथ उसके संपर्कों की भी चर्चा सामने आई थी। अब जुआ नेटवर्क में उसका नाम उछलने से उसकी भूमिका और संपर्कों की निष्पक्ष जांच की मांग उठ रही है।

एसओजी-2 की कार्रवाई आदमपुर में क्यों बेअसर !

सबसे बड़ा सवाल एसओजी-2 और आदमपुर पुलिस की कार्यप्रणाली पर है। शहर के दूसरे इलाकों में जुआ संचालकों के खिलाफ कार्रवाई की खबरें आती हैं, लेकिन आदमपुर के कथित नेटवर्क पर वैसी सख्ती क्यों नहीं दिखाई दे रही? क्या पुलिस को इन गतिविधियों की जानकारी नहीं है या फिर किसी स्तर पर कार्रवाई प्रभावित हो रही है? यदि पुलिस संरक्षण और मिलीभगत के आरोपों में सच्चाई है तो इसकी जांच स्थानीय थाने से ऊपर के अधिकारियों से कराई जानी चाहिए।

गाजीपुर की घटना साबित करती है कि जुआ केवल रुपये की हार-जीत का खेल नहीं, बल्कि आपसी विवाद और हिंसा का कारण भी बन सकता है। ऐसे में वाराणसी पुलिस कमिश्नरेट की आदमपुर पुलिस को अंसाराबाद समेत दूसरे संदिग्ध ठिकानों पर तत्काल कार्रवाई करनी चाहिए। जुआ संचालकों के साथ संरक्षण देने वालों की भूमिका भी जांच के दायरे में आनी चाहिए। सवाल साफ है, क्या वाराणसी पुलिस किसी की जान जाने के बाद जागेगी या गाजीपुर जैसी घटना से पहले ही आदमपुर के जुआ नेटवर्क पर लगाम लगाएगी ?

जुए की 25 हजार की बाजी में चलीं गोलियां

गाजीपुर के कोतवाली थाना क्षेत्र के मोहांव गांव के पासी टोला में सोमवार रात जुए की बाजी खूनी संघर्ष में बदल गई। करीब 25 हजार रुपये हारने के विवाद में बकराबाद के ग्राम प्रधान संजय बिंद पर ताबड़तोड़ फायरिंग करने का आरोप है। गोली लगने से 28 वर्षीय अजय पासी की मौत हो गई, जबकि सुरेंद्र राम (भारती) गंभीर रूप से घायल हो गया। उसका उपचार वाराणसी के ट्रामा सेंटर में चल रहा है। बताया गया कि दीपावली के बाद गांव में जुआ खेला जा रहा था। इसी दौरान रुपये के लेनदेन को लेकर विवाद हुआ और गोलियां चल गईं। अजय तीन बहनों का इकलौता भाई था। उसकी मौत से परिवार में कोहराम मचा है।

यूं ही मेहरबान रही आदमपुर पुलिस तो बनारस में भी चल सकती है गोलियां !

घटना के बाद मंगलवार दोपहर आरोपी ग्राम प्रधान हाथों में तख्ती लेकर कोतवाली थाने पहुंचा और आत्मसमर्पण कर दिया। पुलिस के मुताबिक, उसका आपराधिक इतिहास भी रहा है। होली के दौरान पुलिस टीम पर हमले के मामले में भी उसका नाम सामने आया था। वह हाल ही में हाईकोर्ट से जमानत पर बाहर आया था। इस हत्याकांड ने त्योहारों की आड़ में सजने वाले जुए के फड़ों और पुलिस की निगरानी व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में खुलेआम जुआ चलने की भनक पुलिस को क्यों नहीं लगती? अब पुलिस की निष्पक्ष जांच और कार्रवाई पर सबकी निगाहें टिकी हैं।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *