तीन लोग घायल, दूसरे पक्ष के युवक की पिटाई के बाद भड़का आक्रोश; चार थानों की पुलिस ने संभाली स्थिति
वाराणसी (रणभेरी): पड़री थाना क्षेत्र के उमरिया गांव में दीपावली की रात पटाखा फेंकने को लेकर शुरू हुआ विवाद दूसरे दिन हिंसक रूप ले गया। दो पक्षों के बीच हुई मारपीट में तीन लोग घायल हो गए। सोमवार को दूसरे पक्ष के एक युवक की पिटाई से मामला और गरमा गया। आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने घायल युवक को साथ लेकर उमरिया गांव के पास राष्ट्रीय राजमार्ग पर जाम लगा दिया। करीब एक घंटे तक हाईवे की एक लेन पर आवागमन बाधित रहा। सूचना पर पहुंची चार थानों की पुलिस ने लोगों को समझाकर जाम समाप्त कराया।
जानकारी के अनुसार, दीपावली की रात उमरिया गांव में पटाखा ऊपर फेंकने को लेकर दो पक्षों के बीच कहासुनी हुई थी। देखते ही देखते विवाद मारपीट में बदल गया। इसमें दुबेपुर गांव निवासी भैयालाल पांडेय के पुत्र लक्ष्मण और रोहित घायल हो गए। आरोप है कि मारपीट के दौरान उनकी बाइक भी क्षतिग्रस्त कर दी गई। घटना के बाद से ही दोनों पक्षों के बीच तनाव बना हुआ था।
इसी बीच सोमवार दोपहर करीब तीन बजे दूसरे पक्ष के सुभाष हरिजन का 25 वर्षीय पुत्र विकास गांव के पास रसैना गांव गया था। आरोप है कि वहां दूसरे पक्ष के लोगों ने उसे घेरकर पीट दिया। मारपीट में विकास घायल हो गया। परिजन उसे उपचार के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी हालत देखते हुए मंडलीय अस्पताल रेफर कर दिया।
युवक को साथ लेकर हाईवे पर बैठे ग्रामीण
विकास की पिटाई की सूचना मिलते ही उसके पक्ष के लोग आक्रोशित हो गए। परिजन और ग्रामीण घायल विकास को साथ लेकर उमरिया गांव के पास राष्ट्रीय राजमार्ग पर पहुंच गए और जाम लगा दिया। इससे हाईवे की एक लेन पर वाहनों की आवाजाही ठप हो गई। सूचना मिलते ही पड़री पुलिस के साथ चुनार, अदलहाट और शहर कोतवाली की पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस अधिकारियों ने आक्रोशित लोगों से बातचीत कर कार्रवाई का भरोसा दिलाया। इसके बाद लोगों ने जाम समाप्त कर दिया।
गांव में पुलिस फोर्स तैनात
करीब एक घंटे तक यातायात बाधित रहने से राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ा। पुलिस ने दोनों पक्षों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। घटना के बाद गांव में तनाव की स्थिति को देखते हुए चार थानों की पुलिस फोर्स तैनात कर दी गई है। पुलिस के मुताबिक फिलहाल गांव में शांति व्यवस्था कायम है।
