दीपावली पर योगी ने हनुमानगढ़ी और रामलला के दरबार में लगाई हाजिरी, मंदिर परिसर में जलाया दीप

दीपावली पर योगी ने हनुमानगढ़ी और रामलला के दरबार में लगाई हाजिरी, मंदिर परिसर में जलाया दीप

रामनगरी में विधि-विधान से किया पूजन-अर्चन, राम दरबार में भी टेका माथा; प्रदेशवासियों के सुख-समृद्धि और मंगलमय जीवन की कामना की

(रणभेरी): दीपावली के पावन पर्व पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ रविवार को रामनगरी अयोध्या पहुंचे। यहां उन्होंने सबसे पहले हनुमानगढ़ी में हनुमंतलला के दर्शन-पूजन कर आशीर्वाद लिया। इसके बाद मुख्यमंत्री श्रीराम जन्मभूमि मंदिर पहुंचे और प्रभु श्रीरामलला के दर्शन कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की।

इस दौरान उन्होंने मंदिर परिसर में दीप प्रज्वलित कर प्रदेशवासियों के सुख, शांति, समृद्धि, आरोग्य और मंगलमय जीवन की कामना की। हनुमानगढ़ी में दर्शन-पूजन के बाद मुख्यमंत्री सीधे श्रीराम जन्मभूमि परिसर पहुंचे। यहां उन्होंने प्रभु श्रीरामलला की आरती उतारी और मंदिर की परिक्रमा की। इसके बाद राम दरबार में भी विधिवत पूजन-अर्चन किया। मुख्यमंत्री ने प्रदेश की निरंतर उन्नति और सभी नागरिकों के कल्याण की प्रार्थना की।

दर्शन-पूजन के बाद मंदिर परिसर से बाहर निकलने पर वहां मौजूद श्रद्धालुओं ने जय श्रीराम के जयघोष के साथ मुख्यमंत्री का अभिवादन किया। योगी आदित्यनाथ ने भी हाथ हिलाकर श्रद्धालुओं का अभिवादन स्वीकार किया। इस दौरान मंदिर परिसर में श्रद्धा और भक्ति का माहौल बना रहा।

अयोध्या प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए सभी के जीवन में सुख, शांति और समृद्धि बनी रहने की मंगलकामना की। दसवें दीपोत्सव की भव्यता और विश्व कीर्तिमान की उपलब्धि के बीच मुख्यमंत्री का प्रमुख मंदिरों में दर्शन-पूजन रामनगरी के आध्यात्मिक वातावरण को और गरिमामय बना गया।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *