पांडेयपुर में दंपती से 1.20 लाख रुपये से भरा थैला छीना था, दो बाइक, सात मोबाइल और 12 सिम कार्ड बरामद
वाराणसी (रणभेरी): कम कीमत पर अमेरिकी डॉलर दिलाने का झांसा देकर लोगों से ठगी और लूट करने वाले गिरोह के तीन सदस्यों को लालपुर-पांडेयपुर पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 46,005 रुपये नकद, 60 अमेरिकी डॉलर के तीन नोट, वारदात में इस्तेमाल की गई दो बाइक, सात मोबाइल फोन और 12 सिम कार्ड बरामद किए गए हैं। गिरफ्तार आरोपियों पर चार नवंबर को पांडेयपुर चौराहे के पास एक दंपती से 1.20 लाख रुपये से भरा थैला छीनने का भी आरोप है।
पुलिस के मुताबिक, लालपुर-पांडेयपुर थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि डॉलर के नाम पर ठगी और लूट करने वाले गिरोह के तीन सदस्य ऐढ़े अंडरपास के पास किसी अन्य वारदात को अंजाम देने की फिराक में हैं। इस पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर दो बाइकों के साथ तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। उनकी पहचान शेख रफीक और प्रमोद कुमार निवासी गाजियाबाद तथा मोहम्मद इब्राहिम निवासी उत्तर-पूर्वी दिल्ली के रूप में हुई है।
सस्ते डॉलर का झांसा देकर बनाते थे शिकार
एसीपी प्रज्ञा पाठक ने बताया कि पूछताछ में आरोपियों ने ठगी का तरीका उजागर किया। गिरोह के सदस्य लोगों को बाजार भाव से कम कीमत पर अमेरिकी डॉलर उपलब्ध कराने का लालच देते थे। इसके बाद उन्हें किसी सुनसान स्थान पर बुलाकर रुपये ले लेते और धोखाधड़ी कर फरार हो जाते थे। इस तरह वे भोले-भाले लोगों को अपना शिकार बनाते थे।
विरोध करने पर दंपती को दी थी जान से मारने की धमकी
पुलिस के अनुसार, चार नवंबर को आरोपियों ने पांडेयपुर चौराहे के पास एक दंपती को निशाना बनाया था। आरोप है कि उन्होंने दंपती से 1.20 लाख रुपये से भरा थैला छीन लिया। दंपती ने विरोध किया तो आरोपियों ने जान से मारने की धमकी दी और रुपये लेकर फरार हो गए। घटना के बाद से पुलिस उनकी तलाश में जुटी थी। पूछताछ में आरोपियों ने इस वारदात में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है।
लूट की रकम आपस में बांटी
पुलिस की पूछताछ में सामने आया कि लूटे गए रुपये में से आरोपियों ने 25-25 हजार रुपये आपस में बांट लिए थे। पुलिस ने उनके पास से 46,005 रुपये नकद बरामद किए हैं। इसके अलावा 60 अमेरिकी डॉलर के तीन नोट, दो बाइक, सात मोबाइल फोन और 12 सिम कार्ड भी मिले हैं।
पुलिस अब बरामद मोबाइल फोन और सिम कार्ड की जांच कर गिरोह के अन्य सदस्यों और वाराणसी समेत आसपास के जिलों में हुई ऐसी घटनाओं के बारे में जानकारी जुटा रही है। आरोपियों के आपराधिक इतिहास की भी पड़ताल की जा रही है।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि कम कीमत पर डॉलर या अन्य विदेशी मुद्रा दिलाने का लालच देने वाले अनजान लोगों के झांसे में न आएं। किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ सुनसान जगह पर रुपये का लेन-देन न करें। संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें।
