सिंगर कनिका कपूर का पति गौतम हाथीरमानी से अलग होने का फैसला, चार साल बाद टूटी दूसरी शादी; बोलीं- रिश्ते में कोई तीसरा व्यक्ति नहीं

सिंगर कनिका कपूर का पति गौतम हाथीरमानी से अलग होने का फैसला, चार साल बाद टूटी दूसरी शादी; बोलीं- रिश्ते में कोई तीसरा व्यक्ति नहीं

(रणभेरी): बॉलीवुड सिंगर कनिका कपूर ने अपने पति गौतम हाथीरमानी से अलग होने का ऐलान किया है। दोनों की शादी करीब चार साल पहले हुई थी। कनिका ने मंगलवार को इंस्टाग्राम स्टोरी के जरिए इस फैसले की जानकारी दी। उन्होंने एक आधिकारिक बयान जारी कर प्रशंसकों, दोस्तों और परिवार के लोगों से इस मुश्किल समय में उनकी निजता का सम्मान करने की अपील की।

कनिका ने अपने बयान में लिखा, “काफी सोच-विचार करने के बाद मैंने और मेरे पति ने अलग-अलग रहने का फैसला किया है। हमने साथ में जो समय बिताया, उसके लिए मैं आभारी हूं। मैं उनके आने वाले जीवन के लिए शुभकामनाएं देती हूं।” उन्होंने लोगों से अपील की कि वे इस निजी फैसले को समझें और उन्हें इस दौर से गुजरने के लिए समय दें।

तीसरे व्यक्ति की वजह से नहीं टूटा रिश्ता

पति से अलग होने की खबर सामने आने के बाद उनके रिश्ते में किसी तीसरे व्यक्ति के शामिल होने की चर्चाएं भी शुरू हो गई थीं। हालांकि, कनिका ने इन अटकलों को खारिज किया है। मुंबई मिरर से बातचीत में उन्होंने साफ कहा कि उनकी जिंदगी में कोई दूसरा व्यक्ति नहीं है और जहां तक उन्हें जानकारी है, गौतम की जिंदगी में भी कोई और नहीं है।

कनिका ने कहा कि यह उनका दूसरा तलाक है और इस बार भी उन्हें दुख और निराशा हुई है। उन्होंने उन खबरों को भी गलत बताया, जिनमें दावा किया जा रहा था कि वह लागोस में नहीं रहना चाहती थीं। सिंगर के मुताबिक, शादी टूटने पर अक्सर महिला को जिम्मेदार ठहरा दिया जाता है, जबकि किसी रिश्ते में क्या हुआ, यह केवल पति-पत्नी ही जानते हैं।

तीन बच्चों की जिम्मेदारी भी संभाल रहीं कनिका

कनिका ने बताया कि वह फिलहाल मुंबई में हैं और तीन प्रोजेक्ट्स पर काम कर रही हैं। इसके साथ ही उन्हें अपने तीन बच्चों की जिम्मेदारी भी निभानी है। उन्होंने कहा कि वह आगे भी गौतम के साथ अच्छे संबंध बनाए रखना चाहती हैं। वह किसी तरह का विवाद नहीं चाहतीं और उम्मीद करती हैं कि गौतम भी इसी तरह सोचेंगे।

18 साल की उम्र में हुई थी पहली शादी

कनिका कपूर की पहली शादी लंदन में रहने वाले राज चंडोक से हुई थी। उस समय उनकी उम्र महज 18 साल थी। शादी के बाद वह लंदन चली गई थीं। इस शादी से उनके तीन बच्चे हुए। हालांकि, रिश्ते में अनबन के बाद साल 2012 में दोनों का तलाक हो गया। पहली शादी टूटने के बाद कनिका ने मुंबई आकर अपने सिंगिंग करियर पर ध्यान देना शुरू किया। बच्चों की परवरिश के लिए उन्होंने करीब 14-15 साल तक संगीत से दूरी बनाए रखी थी।

‘बेबी डॉल’ गाने से मिली बॉलीवुड में पहचान

कनिका कपूर ने बचपन से ही संगीत की शिक्षा लेनी शुरू कर दी थी। 12 साल की उम्र में उन्होंने शास्त्रीय संगीत की ट्रेनिंग ली। उन्होंने लखनऊ के भातखंडे संगीत संस्थान से संगीत में ग्रेजुएशन और पोस्ट ग्रेजुएशन किया।

साल 2012 में उनका म्यूजिक वीडियो ‘जुगनी जी’ रिलीज हुआ। इसके बाद 2014 में फिल्म ‘रागिनी MMS 2’ के गाने ‘बेबी डॉल’ से उन्होंने बॉलीवुड में बतौर प्लेबैक सिंगर डेब्यू किया। यह गाना जबरदस्त हिट हुआ और इसके लिए उन्हें फिल्मफेयर अवॉर्ड भी मिला। इसके बाद कनिका ने ‘हैप्पी न्यू ईयर’ का ‘लवली’, फिल्म ‘रॉय’ का ‘चिट्टियां कलाइयां’, ‘एक पहेली लीला’ का ‘देसी लुक’ और ‘हेट स्टोरी 3’ का ‘नींदें खुल जाती हैं’ जैसे कई लोकप्रिय गाने गाए।

सिंगिंग रियलिटी शो में भी बनीं जज

साल 2019 में कनिका कपूर सिंगिंग रियलिटी शो ‘द वॉयस’ के तीसरे सीजन में जज के रूप में नजर आई थीं। इसके अलावा साल 2025 में वह ‘साउंड्स ऑफ कुंभ’ एल्बम से भी जुड़ीं। इस एल्बम के उनके गानों ‘दुर्गा ट्रांस’ और ‘द लीजेंड ऑफ कुंभा’ को भी पहचान मिली। कनिका कपूर के पति गौतम हाथीरमानी से अलग होने की खबर के बाद अब उनके प्रशंसक उनके निजी जीवन के साथ-साथ आने वाले म्यूजिक प्रोजेक्ट्स को लेकर भी नजर बनाए हुए हैं।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *