(रणभेरी): उत्तर प्रदेश में बुधवार को भाजपा ने गोरखपुर, कानपुर और प्रयागराज में ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ रैली निकाली। गोरखपुर में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के बयान पर पलटवार करते हुए कहा कि लोकतंत्र में बदला नहीं, बल्कि जनता बदलाव करती है। उन्होंने कहा कि सपा के बबुआ को यह बात समझनी चाहिए।
सीएम योगी ने कहा, “आप लोगों ने सपा अध्यक्ष का बयान पढ़ा होगा। दिल्ली में उनका बयान बड़ा विचित्र था। वे कहते हैं कि अगली पीढ़ी हर लाठी और हर जख्म का बदला लेगी। सपा के बबुआ को थोड़ा समझाइए कि लोकतंत्र में बदला नहीं, जनता बदलाव करती है।”
उन्होंने कहा कि 2014 में देश और 2017 में उत्तर प्रदेश की जनता ने बदलाव करके दिखाया था। यह बदलाव कांग्रेस या समाजवादी पार्टी की वजह से नहीं, बल्कि जनता जनार्दन की ताकत से हुआ था। जनता ही लोकतंत्र में बदलाव करके दिखाती है।
नितिन नवीन ने राहुल गांधी पर साधा निशाना
गोरखपुर की रैली में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन भी शामिल हुए। मंच पर पहुंचते ही उन्होंने भोजपुरी में लोगों का हालचाल पूछा। उन्होंने कहा, “रउवा सब ठीक बानी ना?” इसके बाद राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि जिस लॉन्चिंग पैड की चर्चा मुख्यमंत्री कर रहे थे, उसका सिर्फ रॉकेट ही खराब नहीं है, बल्कि लॉन्चिंग पैड भी खराब है, जो ऐसे-ऐसे नेताओं को पैदा करता है। नितिन नवीन ने विपक्ष पर भी हमला बोला। उन्होंने कहा कि दिल्ली में भाजपा की भीड़ का 10 प्रतिशत भी विपक्ष रामलीला मैदान में नहीं जुटा पाया। विपक्ष देश को भरमाने का काम कर रहा है।
12 जिलों से पहुंचे हजारों कार्यकर्ता
गोरखपुर की रैली में 12 जिलों से हजारों की संख्या में भाजपा कार्यकर्ता पहुंचे। बड़ी संख्या में अल्पसंख्यक समुदाय के लोग भी रैली में शामिल हुए। उनके हाथों में ‘मोदी है-मोदी रहेगा’ लिखी तख्तियां थीं। रैली के बाद महाराणा प्रताप कॉलेज से पदयात्रा निकाली गई। इसमें मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन के साथ सहयोगी दलों के नेता भी शामिल हुए। इनमें राष्ट्रीय लोकदल के अध्यक्ष जयंत चौधरी, निषाद पार्टी के संजय निषाद और सुभासपा के अनिल राजभर प्रमुख रहे।
कानपुर में ब्रजेश पाठक का विपक्ष पर हमला
कानपुर में आयोजित रैली में डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने विपक्ष पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि विपक्ष के लोग बांग्लादेश जैसे हालात पैदा करने और सड़कों पर उतरने की बात कर रहे हैं। समाजवादी पार्टी और इंडी गठबंधन का यह मंसूबा कभी पूरा नहीं होगा। जनता का भरोसा इन दलों से उठ चुका है।
प्रयागराज में केशव मौर्य ने राहुल-अखिलेश को घेरा
प्रयागराज में डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने राहुल गांधी और अखिलेश यादव पर निशाना साधा। उन्होंने राहुल गांधी के परिवार और उनके दादा को लेकर टिप्पणी की। मौर्य ने कहा कि राहुल गांधी अपने दादा का नाम नहीं लेते, क्योंकि उनके नाम के साथ फिरोज खान जुड़ा हुआ है।
उन्होंने कहा, “मैं राहुल गांधी से कहना चाहता हूं कि अभी 30 साल तक आप भारत के प्रधानमंत्री नहीं बन सकते। अखिलेश यादव, आप भी 30 साल तक उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री नहीं बन सकते।”
तीनों शहरों में आयोजित रैलियों के जरिए भाजपा नेताओं ने विपक्ष पर लोकतांत्रिक व्यवस्था को लेकर भ्रम फैलाने और माहौल बिगाड़ने का आरोप लगाया। वहीं, भाजपा नेताओं ने जनता के समर्थन को अपनी राजनीतिक ताकत बताया।
