पटना में खड़गे के बयान पर सियासी घमासान, बोले- मोदी क्या उसका बाप भी जाएगा

पटना में खड़गे के बयान पर सियासी घमासान, बोले- मोदी क्या उसका बाप भी जाएगा

कांग्रेस कार्यकर्ता के बीच में टोकने पर भड़के पार्टी अध्यक्ष, कार्यक्रम में हंगामा; अमित शाह ने टिप्पणी को बताया मर्यादाहीन, भाजपा ने कांग्रेस पर साधा निशाना

(रणभेरी): बिहार की राजधानी पटना में रविवार को कांग्रेस के कार्यक्रम के दौरान उस समय हंगामा हो गया, जब पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के एक बयान पर विवाद खड़ा हो गया। बापू सभागार में बिहार के पहले मुख्यमंत्री डॉ. श्रीकृष्ण सिंह की 139वीं जयंती समारोह को संबोधित करते हुए खड़गे मोदी सरकार और उसकी नीतियों पर निशाना साध रहे थे। इसी दौरान एक कांग्रेस कार्यकर्ता ने खड़े होकर कहा कि मोदी सरकार ऐसे नहीं जाने वाली, जब तक देश में विद्रोह नहीं होगा, तब तक सरकार नहीं हटेगी।

कार्यकर्ता की बात सुनकर खड़गे ने नाराजगी जताते हुए कहा, ”मोदी क्या उसका बाप भी जाएगा।” उन्होंने यह बात तीन बार दोहराई। इसके बाद सभागार में मौजूद कुछ लोगों ने उक्त कार्यकर्ता की पिटाई कर दी। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने बीच-बचाव कर उसे बचाया और बाहर ले गए।

कार्यकर्ता बोला- मेरी बात समझ नहीं पाए खड़गे

पिटाई का शिकार हुए कांग्रेस कार्यकर्ता की पहचान संतोष के रूप में हुई है। मीडिया से बातचीत में संतोष ने कहा कि खड़गे उनकी बात को समझ नहीं पाए। उसने कहा कि उसका आशय था कि केवल शांत बैठने से मोदी सरकार नहीं जाएगी। राहुल गांधी समेत विपक्ष के सभी बड़े नेताओं को यह बात समझनी होगी कि मोदी सरकार तभी जाएगी, जब विद्रोह होगा।

अमित शाह ने कहा- कांग्रेस पार कर रही अभद्रता की सीमाएं

खड़गे की टिप्पणी पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कांग्रेस पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष ने प्रधानमंत्री के पिताजी के बारे में अभद्र टिप्पणी कर सारी मर्यादाएं तार-तार कर दी हैं। शाह ने आरोप लगाया कि यह पहली बार नहीं है, जब कांग्रेस नेताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी या उनके परिवार के खिलाफ अपशब्दों का इस्तेमाल किया हो।

शाह ने कहा कि कभी प्रधानमंत्री की माताजी के बारे में अपशब्द कहे गए, कभी उन्हें ‘मौत का सौदागर’ कहा गया, तो कभी ‘चायवाला’ कहकर उनकी गरीबी का उपहास उड़ाया गया। उनके मुताबिक, राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस पार्टी हर रोज अभद्रता की सीमाएं पार कर रही है।

भाजपा ने कांग्रेस को बताया माफिया गैंग

भारतीय जनता पार्टी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर खड़गे के बयान का वीडियो साझा कर कांग्रेस पर निशाना साधा। भाजपा ने लिखा कि कभी जिस भाषा को गुंडे-मवालियों से जोड़ा जाता था, आज कांग्रेस अध्यक्ष उसी भाषा का इस्तेमाल कर रहे हैं। पार्टी ने आरोप लगाया कि कांग्रेस राजनीतिक दल के बजाय माफिया गैंग जैसी प्रतीत होती है।

खड़गे ने नीतीश कुमार पर भी साधा निशाना

कार्यक्रम के दौरान खड़गे ने बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार समाजवादी विचारधारा के साथ आगे बढ़े, लेकिन अब भाजपा और आरएसएस की गोद में जाकर बैठ गए हैं। खड़गे के अनुसार, जब व्यक्ति कमजोर पड़ता है, तो उसका विचारधारा से विश्वास उठने लगता है।

उन्होंने कहा कि उन्हें और राहुल गांधी को कई बार निशाना बनाया गया, लेकिन इसके बावजूद वे संघर्ष कर रहे हैं और लोगों के लिए लड़ रहे हैं। खड़गे ने आरोप लगाया कि जब तक देश में आरएसएस की विचारधारा समाप्त नहीं होगी, तब तक शांति स्थापित नहीं हो सकती। उन्होंने आरएसएस पर सामाजिक भेदभाव को बढ़ावा देने का आरोप भी लगाया।

श्रीकृष्ण सिंह को बताया आधुनिक बिहार में लोकतंत्र का नायक

खड़गे ने डॉ. श्रीकृष्ण सिंह को आधुनिक बिहार में लोकतंत्र को मजबूत करने वाला नायक बताया। उन्होंने कहा कि वर्ष 1937 में बिहार में कांग्रेस की पहली सरकार श्रीकृष्ण सिंह के नेतृत्व में बनी थी। आजादी के बाद भी उन्होंने राज्य का नेतृत्व किया। उनके मुख्यमंत्री कार्यकाल में जमींदारी प्रथा समाप्त करने, भूमि सुधार और चकबंदी से जुड़े कदम उठाए गए।

खड़गे ने कहा कि भूमि सुधारों के लिए इंदिरा गांधी ने भी महत्वपूर्ण काम किया था। उन्होंने भाजपा पर आरोप लगाया कि वह वर्तमान की उपलब्धियों पर चर्चा करने के बजाय नेहरू और इंदिरा गांधी के शासनकाल की ओर लौट जाती है।

चुनाव आयोग और केंद्र सरकार के बीच सांठगांठ का आरोप

कांग्रेस अध्यक्ष ने चुनाव आयोग और केंद्र की मोदी सरकार के बीच सांठगांठ होने का आरोप भी लगाया। उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त के चयन की प्रक्रिया में बदलाव को लेकर केंद्र सरकार पर सवाल उठाए। खड़गे ने कहा कि पहले चयन समिति में प्रधानमंत्री, विपक्ष के नेता और मुख्य न्यायाधीश शामिल होते थे, लेकिन अब मुख्य न्यायाधीश की जगह एक केंद्रीय मंत्री को शामिल किया गया है।

उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर भी सवाल उठाए और दावा किया कि राहुल गांधी पिछले दस महीनों में 14 बार कथित गलतियों को सामने ला चुके हैं। खड़गे ने बिहार सरकार पर भी हमला बोलते हुए उसे ‘चोरी की सरकार’ करार दिया और कहा कि गलत काम करने वालों को सबक सिखाना होगा।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *