एयर शो के दूसरे दिन वाराणसी में जाम से हाहाकार, शहर से हाईवे तक थमे वाहनों के पहिए

एयर शो के दूसरे दिन वाराणसी में जाम से हाहाकार, शहर से हाईवे तक थमे वाहनों के पहिए

डायवर्जन और प्रतिबंधों से चरमराई यातायात व्यवस्था, राजघाट पुल पर पैदल आवाजाही भी बंद; सामनेघाट पुल से सिर्फ दोपहिया वाहनों को अनुमति

वाराणसी (रणभेरी): एयर शो के दूसरे दिन शनिवार को शहर में यातायात व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई। जगह-जगह डायवर्जन और वाहनों के आवागमन पर प्रतिबंध के चलते शहर के भीतर से लेकर बाहरी इलाकों तक भीषण जाम की स्थिति बन गई। सुबह 9:30 बजे के बाद वाहनों की आवाजाही पर रोक लगाए जाने से सड़कों पर वाहनों की कतारें लंबी होती चली गईं। आजमगढ़-लालपुर रिंग रोड मार्ग पर भी सुबह से ही जाम लगा रहा, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

एयर शो के दूसरे दिन वाराणसी में जाम से हाहाकार, शहर से हाईवे तक थमे वाहनों के पहिए

एयर शो के मद्देनजर हाईवे से शहर के अंदर वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध लगाया गया है। वहीं, गंगा घाटों की ओर जाने वाले सभी प्रकार के वाहनों की आवाजाही रोक दी गई है। इसके चलते प्रमुख मार्गों पर यातायात का दबाव बढ़ गया और कई इलाकों में आवागमन प्रभावित रहा। बस, कार समेत अन्य वाहनों को रोक दिए जाने से रिंग रोड मार्ग पर भी जाम की स्थिति बनी रही।

राजघाट पुल पर पैदल आवाजाही भी बंद

यातायात प्रतिबंधों के तहत पड़ाव चौराहे से वाहनों की शहर में एंट्री बंद कर दी गई है। राजघाट पुल पर वाहनों के साथ ही पैदल चलने वालों की आवाजाही पर भी रोक लगा दी गई। वहीं, सामनेघाट पुल से केवल दोपहिया वाहनों को आने-जाने की अनुमति दी गई है। इन प्रतिबंधों के कारण लोगों को आवागमन के लिए वैकल्पिक रास्तों का सहारा लेना पड़ा।

गोदौलिया और मैदागिन में भीड़ संभालने में जुटी पुलिस

शहर के प्रमुख इलाकों गोदौलिया और मैदागिन में भी भीड़ का दबाव बना रहा। स्थिति को नियंत्रित करने और यातायात व्यवस्था संभालने के लिए पुलिसकर्मी तैनात रहे। एयर शो के चलते लागू किए गए प्रतिबंधों का असर शहर के कई हिस्सों में देखने को मिला। शहर के अंदर और बाहरी मार्गों पर जाम के कारण लोगों को अपने गंतव्य तक पहुंचने में परेशानी हुई।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *