यात्री ने सुरक्षा के मद्देनजर बुकिंग की रद्द, कंपनी से की शिकायत; बातचीत की ऑडियो रिकॉर्डिंग होने का भी किया दावा
वाराणसी (रणभेरी): बाइक टैक्सी सेवा रैपिडो से जुड़ा एक मामला सामने आया है, जहां बुकिंग करने वाले यात्री को चालक ने फोन पर शराब पीने की जानकारी दी। चालक की बात सुनकर यात्री ने अपनी सुरक्षा को लेकर चिंता जताई और राइड कैंसिल कर दी। इसके बाद कंपनी में शिकायत दर्ज कराते हुए संबंधित चालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई। शिकायत मिलने के बाद रैपिडो ने चालक का अकाउंट सस्पेंड कर दिया है।
मिली जानकारी के अनुसार, यह घटना 5 अक्टूबर की है। यात्री आशुतोष त्रिपाठी ने रैपिडो के माध्यम से बाइक टैक्सी बुक की थी। बुकिंग के बाद चालक ओम प्रकाश ने उन्हें फोन किया। बातचीत के दौरान जब आशुतोष ने चालक से उसकी लोकेशन पूछी, तो उसने शराब पीने की बात कही। साथ ही, उसने पीने के बाद आने की बात भी कही।

सुरक्षा को देखते हुए रद्द की बुकिंग
चालक की बात सुनने के बाद आशुतोष ने उसके साथ यात्रा करना उचित नहीं समझा। उन्होंने अपनी सुरक्षा के साथ-साथ सड़क पर चलने वाले अन्य लोगों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए बुकिंग रद्द कर दी। इसके बाद उन्होंने रैपिडो में शिकायत दर्ज कराई और मामले में उचित कार्रवाई की मांग की। आशुतोष के मुताबिक, चालक के साथ फोन पर हुई बातचीत की ऑडियो रिकॉर्डिंग उनके पास मौजूद है। उन्होंने जरूरत पड़ने पर जांच के लिए रिकॉर्डिंग उपलब्ध कराने की बात भी कही है।
शिकायत के बाद कंपनी की कार्रवाई
मामले की शिकायत मिलने पर रैपिडो ने यात्री को जवाब देते हुए घटना पर खेद जताया। कंपनी ने कहा कि यात्रियों की सुरक्षा से जुड़े मामलों को गंभीरता से लिया जाता है। इसी क्रम में संबंधित चालक का अकाउंट सस्पेंड कर दिया गया है। कंपनी ने यात्रियों की सुरक्षा और भरोसे को प्राथमिकता देने की बात भी कही। इस घटना ने एक बार फिर बाइक टैक्सी सेवाओं में चालक की जिम्मेदारी और यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के सवाल को सामने ला दिया है।
