चुनाव आयोग के खिलाफ सपा का प्रदर्शन, ज्ञानेश कुमार का फूंका पुतला, ‘वोट चोरी’ का लगाया आरोप

चुनाव आयोग के खिलाफ सपा का प्रदर्शन, ज्ञानेश कुमार का फूंका पुतला, 'वोट चोरी' का लगाया आरोप

वाराणसी (रणभेरी): चुनाव आयोग और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ समाजवादी पार्टी ने गुरुवार को वाराणसी में विरोध प्रदर्शन किया। ‘लोकतंत्र बचाओ सप्ताह’ के तहत जिले के अलग-अलग विधानसभा क्षेत्रों से जुटे सपा कार्यकर्ताओं ने शास्त्री घाट से कलेक्ट्रेट तक पैदल मार्च निकाला। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने जमकर नारेबाजी की और मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग उठाई।

शास्त्री घाट पर सुबह से ही सपा कार्यकर्ताओं का जुटना शुरू हो गया था। करीब 11 बजे कार्यकर्ता जुलूस के रूप में जिला मुख्यालय की ओर रवाना हुए। रास्ते में चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली और मताधिकार से जुड़े मुद्दों को लेकर नारे लगाए गए।

कलेक्ट्रेट पहुंचने पर पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को परिसर में प्रवेश करने से रोकने के लिए बैरिकेडिंग कर रखी थी। कार्यकर्ताओं ने बैरिकेडिंग के पास पहुंचकर विरोध जताया। इसी दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच धक्का-मुक्की की स्थिति बन गई।

चुनाव आयोग के खिलाफ सपा का प्रदर्शन, ज्ञानेश कुमार का फूंका पुतला, 'वोट चोरी' का लगाया आरोप

ज्ञानेश कुमार का पुतला जलाया

प्रदर्शन के दौरान सपा कार्यकर्ता मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला लेकर पहुंचे। पुलिस ने पुतला अपने कब्जे में लेने का प्रयास किया, लेकिन कार्यकर्ताओं ने उसे आग के हवाले कर दिया। पुतला जलाए जाने के दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच कुछ देर तक खींचतान भी हुई। बाद में सपा नेताओं का एक प्रतिनिधिमंडल जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपने के लिए कलेक्ट्रेट परिसर में गया, जबकि अन्य कार्यकर्ता बाहर प्रदर्शन करते रहे।

चुनाव आयोग के खिलाफ सपा का प्रदर्शन, ज्ञानेश कुमार का फूंका पुतला, 'वोट चोरी' का लगाया आरोप

सपा ने लगाए गंभीर आरोप

सपा नेताओं ने चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए निष्पक्ष चुनाव और मताधिकार की सुरक्षा की मांग की। पार्टी नेताओं का आरोप है कि चुनाव प्रक्रिया को लेकर जनता के बीच जो सवाल उठ रहे हैं, उनका चुनाव आयोग को स्पष्ट जवाब देना चाहिए।

सपा प्रवक्ता मनोज राय धूपचंडी ने आरोप लगाया कि भाजपा को चुनावों में लाभ पहुंचाने के लिए चुनाव आयोग के स्तर पर पक्षपात किया जा रहा है। उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त से इस्तीफा देने की मांग करते हुए कहा कि पार्टी इस मुद्दे को लेकर अपना आंदोलन आगे भी जारी रखेगी।

वहीं, सपा प्रदेश सचिव लालू यादव ने चुनाव आयोग और मुख्य चुनाव आयुक्त पर ‘वोट चोरी’ जैसे गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि पार्टी लोकतांत्रिक अधिकारों और जनता के मताधिकार के मुद्दे पर सड़क पर उतरकर संघर्ष कर रही है।

अखिलेश यादव के आह्वान पर प्रदर्शन का दावा

सपा नेताओं के मुताबिक, पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव और चंदौली सांसद वीरेंद्र सिंह के आह्वान पर प्रदेश के विभिन्न जिलों में चुनाव आयोग के खिलाफ प्रदर्शन किए जा रहे हैं। इसी क्रम में वाराणसी में भी कार्यकर्ताओं ने विरोध दर्ज कराया।

सपा नेताओं ने कहा कि मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे और कथित अनियमितताओं पर कार्रवाई की मांग पूरी होने तक आंदोलन जारी रहेगा। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि लोकतंत्र और मताधिकार की रक्षा के लिए जरूरत पड़ने पर वे आगे भी सड़क पर उतरेंगे।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *