लव एंड वॉर’ में रणबीर कपूर का इंटेंस लुक आया सामने, 21 जनवरी 2027 को रिलीज होगी फिल्म

लव एंड वॉर’ में रणबीर कपूर का इंटेंस लुक आया सामने, 21 जनवरी 2027 को रिलीज होगी फिल्म

(रणभेरी): संजय लीला भंसाली की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘लव एंड वॉर’ से रणबीर कपूर का पहला लुक बुधवार को जारी कर दिया गया। पोस्टर में रणबीर कपूर मोटी मूंछों, गॉगल्स और खून के दाग वाली शर्ट में नजर आ रहे हैं। उनका यह अंदाज फिल्म में उनके किरदार के रफ और दमदार लुक की झलक देता है।

मेकर्स ने सोशल मीडिया पर पोस्टर साझा करते हुए फिल्म की रिलीज डेट का भी ऐलान किया। ‘लव एंड वॉर’ दुनियाभर में 21 जनवरी 2027 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। फिल्म हिंदी के साथ तमिल और तेलुगु भाषा में भी रिलीज की जाएगी।

फिल्म में रणबीर कपूर के साथ आलिया भट्ट और विक्की कौशल मुख्य भूमिकाओं में नजर आएंगे। रणबीर और आलिया इससे पहले संजय लीला भंसाली के साथ काम कर चुके हैं, जबकि विक्की कौशल पहली बार भंसाली के निर्देशन में नजर आएंगे।

कई बार बदली रिलीज डेट

‘लव एंड वॉर’ की रिलीज डेट पहले भी कई बार बदली जा चुकी है। फिल्म की घोषणा जनवरी 2024 में की गई थी और उस समय इसे क्रिसमस 2025 पर रिलीज करने की योजना थी। बड़े स्तर पर हो रही शूटिंग और प्रोडक्शन में अधिक समय लगने के कारण रिलीज को आगे बढ़ाया गया। इसके बाद मार्च 2026 और फिर 14 अगस्त 2026 की रिलीज डेट की चर्चा हुई। बड़े वीएफएक्स और हवाई एक्शन दृश्यों के चलते फिल्म का काम तय समय में पूरा नहीं हो सका। अब मेकर्स ने 21 जनवरी 2027 की तारीख तय की है।

भंसाली के साथ विक्की कौशल की पहली फिल्म

रणबीर कपूर ने संजय लीला भंसाली के निर्देशन में 2007 में आई ‘सांवरिया’ से बॉलीवुड डेब्यू किया था। वहीं, आलिया भट्ट ने 2022 की ‘गंगूबाई काठियावाड़ी’ में पहली बार भंसाली के साथ काम किया था। इस फिल्म में आलिया के अभिनय को राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार में सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री के सम्मान से नवाजा गया था। विक्की कौशल पहली बार भंसाली के निर्देशन में काम कर रहे हैं।

जून में सेट पर हुआ था हादसा

‘लव एंड वॉर’ की शूटिंग जून 2026 में सेट पर हुए एक हादसे के बाद भी चर्चा में रही थी। 17 जून को मुंबई के फिल्मसिटी के पास रॉयल पंप स्टूडियो में 42 वर्षीय कारपेंटर चंद्रधारी सिंह यादव की करंट लगने से मौत हो गई थी। शुरुआती रिपोर्टों में हादसे की वजह शॉर्ट सर्किट बताई गई थी।

हादसे के बाद भंसाली प्रोडक्शंस ने मृतक के परिवार को 40 लाख रुपये की आर्थिक मदद देने की घोषणा की थी। FWICE ने मुआवजा बढ़ाकर 50 लाख रुपये करने के साथ परिवार के बच्चों की पढ़ाई और मृतक की पत्नी को रोजगार देने की मांग की थी। वहीं, AICWA ने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को पत्र लिखकर हादसे की जांच, फिल्म सेट की सुरक्षा व्यवस्था की जांच और 1 करोड़ रुपये मुआवजे की मांग की थी।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *