(रणभेरी): कासगंज में 23 वर्षीय युवती की गला काटकर हत्या किए जाने का मामला सामने आया है। युवती का शव बुधवार को गांव अशोक नगर में एक ट्यूबवेल की छत पर खून से लथपथ हालत में मिला। सूचना के बाद पुलिस, फोरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड मौके पर पहुंचा और घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है।
जानकारी के मुताबिक, अशोक नगर निवासी नेहा मंगलवार देर रात घर से अचानक लापता हो गई थी। परिवार के अनुसार, रात करीब तीन बजे जब उसकी तलाश की गई तो वह घर में नहीं मिली। परिजनों ने आसपास और परिचितों के यहां उसकी खोजबीन की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला।
बुधवार को ट्यूबवेल मालिक पक्षियों को दाना डालने के लिए छत पर पहुंचा। इसी दौरान उसकी नजर वहां पड़ी युवती की लाश पर गई। उसने तत्काल इसकी जानकारी पुलिस को दी। जांच में युवती के गले पर धारदार हथियार से चोट के निशान पाए गए।
घर से रुपये और जेवर ले जाने की बात
परिजनों के मुताबिक, नेहा घर से करीब तीन लाख रुपये और जेवर लेकर निकली थी। परिवार ने यह भी बताया कि घर से निकलने से पहले उसने अपनी बड़ी बहन निशा को नशीला पदार्थ खिलाया था। पुलिस इन दावों की भी जांच कर रही है।
नेहा छह भाई-बहनों में सबसे छोटी थी। उसकी बड़ी बहन निशा की शादी अक्टूबर में प्रस्तावित थी। परिवार के मुताबिक, नेहा के घर से निकलने के बाद काफी देर तक वापस नहीं आने पर उन्होंने उसकी तलाश शुरू की थी।
नेहा के भाई शाहरुख ने बताया कि वह अपने पिता के साथ सब्जी बेचने का काम करता है। मंगलवार रात परिवार के सभी सदस्य खाना खाने के बाद सो गए थे। बाद में पता चला कि नेहा घर में नहीं है। रात करीब तीन बजे उसकी तलाश की गई, लेकिन वह नहीं मिली।
मोबाइल और सीसीटीवी से सुराग तलाश रही पुलिस
पुलिस ने युवती के मोबाइल फोन की जानकारी खंगालनी शुरू कर दी है। उसके संपर्क में रहे लोगों और घर से निकलने के दौरान की गतिविधियों की भी जांच की जा रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी पुलिस देख रही है, ताकि युवती के घर से निकलने के बाद उसकी गतिविधियों का पता लगाया जा सके।
एसपी ओपी सिंह के मुताबिक, युवती का शव ट्यूबवेल की छत से बरामद हुआ है। फोरेंसिक और डॉग स्क्वायड टीम ने घटनास्थल की जांच की है। मौके से मिले साक्ष्यों और जांच में सामने आने वाली जानकारी के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
