(रणभेरी): नूरपुर थाना क्षेत्र के आलमपुर एडवा गांव में बुधवार सुबह खेत में एक महिला की अधजली लाश मिलने से सनसनी फैल गई। शव के पास गमछे में लिपटी करीब डेढ़ साल की बच्ची रोती मिली। ग्रामीणों ने बच्ची को उठाकर महिलाओं को सौंपा और पुलिस को सूचना दी। महिला की अभी पहचान नहीं हो सकी है। उसकी उम्र करीब 20 से 25 साल बताई जा रही है।
पुलिस की शुरुआती जांच में आशंका है कि महिला की हत्या कहीं और करने के बाद शव को खेत में लाकर जलाया गया। महिला का शव करीब 40 प्रतिशत तक जला मिला है। उसके पेट और पैरों का हिस्सा झुलसा हुआ था। चेहरे पर चोट के निशान नहीं मिले हैं। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है।

सुबह टहलने निकले ग्रामीण ने सुनी बच्ची के रोने की आवाज
रामगंगा पोषक नहर से रोशनपुर गांव जाने वाले रास्ते पर गोहावर जैत गांव निवासी ध्यानपाल सिंह का खेत है। ध्यानपाल के मुताबिक, वह रोज की तरह बुधवार सुबह करीब 7 बजे टहलते हुए अपने खेत पहुंचे थे। इसी दौरान उन्हें बच्ची के रोने की आवाज सुनाई दी।
पास जाकर देखा तो खेत में महिला की अधजली लाश पड़ी थी और उसके बगल में बच्ची गमछे में लिपटी रो रही थी। उन्होंने बच्ची को गोद में उठाया और रास्ते से गुजर रही महिलाओं को बुलाया। महिलाओं ने बच्ची को संभाला और उसे दूध पिलाकर शांत कराया। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।

फोरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य
सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष प्रवेज कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने बच्ची को अस्पताल भेजा और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। इसके बाद फोरेंसिक टीम को मौके पर बुलाकर साक्ष्य जुटाए गए।थानाध्यक्ष के अनुसार, महिला के पैरों में बिछिया मिली है। इससे उसके शादीशुदा होने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस बच्ची की पहचान और महिला के बीच संबंध की भी जांच कर रही है।
बच्ची को जिंदा छोड़ने से कई सवाल
घटना के बाद ग्रामीणों के बीच कई तरह की चर्चाएं हैं। ग्रामीणों का कहना है कि महिला के साथ वारदात के बाद बच्ची को मौके पर जिंदा छोड़ना कई सवाल खड़े करता है। पुलिस इस पहलू को भी जांच gfमें शामिल कर रही है कि आरोपी बच्ची को जानते थे या उसका महिला से क्या संबंध था।
फिलहाल महिला की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस आसपास के गांवों में महिला की गुमशुदगी की जानकारी जुटाने के साथ ही घटनास्थल के आसपास लगे संभावित सीसीटीवी कैमरों और अन्य साक्ष्यों की जांच कर रही है।
