रोहनिया के करसड़ा में बुनकर के घर लगी भीषण आग, शॉर्ट सर्किट से लाखों का नुकसान

रोहनिया के करसड़ा में बुनकर के घर लगी भीषण आग, शॉर्ट सर्किट से लाखों का नुकसान

(रणभेरी): रोहनिया के स्थानीय थाना क्षेत्र के करसड़ा स्थित बुनकर आवासीय कॉलोनी में सोमवार दोपहर उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब एक मकान में अचानक आग लग गई। शॉर्ट सर्किट से लगी इस आग में बुनकर अहमद अली का घर चपेट में आ गया, जिससे घर में रखा लाखों रुपये का घरेलू सामान जलकर पूरी तरह नष्ट हो गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटना के समय अहमद अली अपने परिवार के साथ कॉलोनी में ही कुछ दूरी पर एक पड़ोसी के घर गए हुए थे। इसी दौरान उनके मकान से तेज धुआं उठता दिखाई दिया। सूचना मिलते ही परिवार आनन-फानन में घर पहुंचा, जहां आग विकराल रूप ले चुकी थी और सामान धू-धू कर जल रहा था।

रोहनिया के करसड़ा में बुनकर के घर लगी भीषण आग, शॉर्ट सर्किट से लाखों का नुकसान

अहमद अली ने तत्काल फायर ब्रिगेड को सूचना दी। इसके साथ ही मोहल्ले के लोगों ने पानी डालकर आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। काफी मशक्कत और लंबी जद्दोजहद के बाद आग पर काबू पाया जा सका। हालांकि तब तक घर में रखा फर्नीचर, कपड़े, बर्तन और अन्य जरूरी सामान जलकर राख हो चुका था। आग की तीव्रता इतनी अधिक थी कि मकान की दीवारों और छत में भी दरारें पड़ गईं।

घटना की जानकारी मिलते ही रोहनिया विधायक डॉ. सुनील पटेल के निर्देश पर अपना दल (एस) के जिला सचिव ओम प्रकाश सिंह और दक्षिणी जोन अध्यक्ष चंद्रशेखर पटेल पीड़ित के घर पहुंचे। उन्होंने नुकसान का जायजा लिया और अहमद अली से बातचीत कर सरकार की ओर से हरसंभव आर्थिक सहायता दिलाने का आश्वासन दिया। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि पीड़ित परिवार को शीघ्र मुआवजा दिया जाए, ताकि वह दोबारा अपने जीवन को पटरी पर ला सके।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *