वाराणसी (रणभेरी): अपना दल कमेरावादी की ओर से राजातालाब स्थित संपूर्णा लॉन में सेवापुरी विधानसभा कार्यकर्ता सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथि एवं सिराथू विधायक डॉ. पल्लवी पटेल ने पार्टी के संस्थापक स्वर्गीय डॉ. सोनेलाल पटेल के चित्र पर माल्यार्पण कर की। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने अतिथियों का स्वागत किया और उन्हें स्मृति चिन्ह भेंट किए।
सम्मेलन को संबोधित करते हुए डॉ. पल्लवी पटेल ने कहा कि किसी भी राजनीतिक संगठन की मजबूती उसके कार्यकर्ताओं से होती है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आगामी विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए अभी से संगठन को मजबूत करने में जुटने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि बूथ स्तर तक डॉ. सोनेलाल पटेल के विचारों और सामाजिक न्याय के संदेश को लोगों तक पहुंचाया जाए।

उन्होंने कहा कि वर्ष 2027 का विधानसभा चुनाव सामाजिक न्याय और वंचित वर्गों के अधिकारों से जुड़े मुद्दों को लेकर महत्वपूर्ण होगा। इसके लिए संगठन को जमीनी स्तर पर सक्रिय करने और मजबूत जनसंपर्क अभियान चलाने की जरूरत है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर पार्टी के संगठनात्मक विस्तार में योगदान देने की अपील की।
कार्यक्रम का संचालन विधानसभा प्रभारी योगीराज पटेल ने किया। उन्होंने कहा कि पार्टी का संगठन लगातार विस्तार कर रहा है और कार्यकर्ताओं की सक्रियता से आने वाले समय में संगठन को और मजबूती मिलेगी।
सम्मेलन में जिलाध्यक्ष संजय पटेल, योगीराज पटेल, रामलाल पटेल, राधेश्याम पटेल, राजेश पटेल, अभय पटेल, राजेश टाइगर, भैया लाल पटेल, गगन प्रकाश यादव, पंकज सेठ, राजा हाशमी, गणेश शर्मा, सेवालाल, अनीता पटेल, प्रीति पटेल और मनोज पटेल सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।
