ऑस्कर 2027 के लिए भारत की आधिकारिक एंट्री बनी मराठी फिल्म ‘गोंधळ’

ऑस्कर 2027 के लिए भारत की आधिकारिक एंट्री बनी मराठी फिल्म ‘गोंधळ’

(रणभेरी): मराठी सिनेमा की फिल्म ‘गोंधळ’ को ऑस्कर 2027 के लिए भारत की आधिकारिक प्रविष्टि के रूप में चुना गया है। फिल्म फेडरेशन ऑफ इंडिया ने शुक्रवार को इसकी घोषणा की। संतोष दवाखर के निर्देशन और लेखन में बनी इस फिल्म का निर्माण भी उन्होंने ही किया है। फिल्म 14 नवंबर 2025 को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी। इसका टीजर ‘कांतारा चैप्टर 1’ के साथ जारी किया गया था।

फिल्म के संगीत की जिम्मेदारी चर्चित संगीतकार इलैयाराजा ने संभाली है। ‘गोंधळ’ की कहानी महाराष्ट्र के ग्रामीण परिवेश को केंद्र में रखती है। कथानक एक नवविवाहित दंपती से जुड़ी पारंपरिक रस्म के दौरान घटने वाली एक रात की घटनाओं के इर्द-गिर्द बुना गया है।

33 फिल्मों में से हुआ चयन

ऑस्कर 2027 के लिए भारत की ओर से कुल 33 फिल्मों को प्रस्तुत किया गया था। इनमें 14 हिंदी, चार-चार मराठी, तेलुगु और गुजराती, तीन तमिल तथा एक-एक मलयालम और नागामीज भाषा की फिल्म शामिल थीं। सूची में एक मूक फिल्म भी थी। चयन समिति के अध्यक्ष पी. शेषद्रि ने बताया कि इन सभी प्रविष्टियों में से ‘गोंधळ’ को आधिकारिक एंट्री के लिए चुना गया।

ऑस्कर 2027 के लिए भारत की आधिकारिक एंट्री बनी मराठी फिल्म ‘गोंधळ’

कई फिल्म समारोहों में मिल चुके हैं सम्मान

‘गोंधळ’ को अलग-अलग अंतरराष्ट्रीय फिल्म समारोहों में भी पहचान मिली है। वर्ष 2025 में आयोजित 56वें इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल ऑफ इंडिया में संतोष दवाखर को सर्वश्रेष्ठ निर्देशक के लिए सिल्वर पीकॉक पुरस्कार मिला।

इसके अलावा 2026 के 17वें बेंगलुरु इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल में फिल्म को एफआईपीआरईएससीआई पुरस्कार से सम्मानित किया गया। पुणे इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल में फिल्म ने सर्वश्रेष्ठ निर्देशक और सर्वश्रेष्ठ सिनेमैटोग्राफर के पुरस्कार अपने नाम किए। वहीं 22वें थर्ड आई एशियन इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल में भी संतोष दवाखर को सर्वश्रेष्ठ निर्देशक का पुरस्कार मिला।

पिछले साल ‘होमबाउंड’ थी भारत की एंट्री

इससे पहले ऑस्कर के लिए भारत की आधिकारिक प्रविष्टि के तौर पर नीरज घायवान की फिल्म ‘होमबाउंड’ का चयन किया गया था। महामारी की पृष्ठभूमि पर बनी यह फिल्म हालांकि अंतिम ऑस्कर नामांकन में जगह नहीं बना सकी थी।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *