घर के बाहर मुंह धो रहे युवक को मारी गोली, सामने ही आरोपी ने खुद को शूट किया: लखीमपुर में दो परिवारों के विवाद का खूनी अंत

घर के बाहर मुंह धो रहे युवक को मारी गोली, सामने ही आरोपी ने खुद को शूट किया: लखीमपुर में दो परिवारों के विवाद का खूनी अंत

(रणभेरी): लखीमपुर खीरी पढ़ुआ थाना क्षेत्र के दुलही गांव में शुक्रवार सुबह युवती को साथ ले जाने के विवाद में सनसनीखेज वारदात हो गई। घर के बाहर बैठे 33 वर्षीय अखिलेश को उसके पड़ोसी इदरीश (38) ने तमंचे से गोली मार दी। गोली अखिलेश के पेट में लगी। इसके बाद मौके पर पहुंचे ग्रामीणों के सामने ही इदरीश ने तमंचा अपनी कनपटी पर रखकर गोली मार ली। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। गंभीर हालत में अखिलेश को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे लखनऊ रेफर कर दिया गया।

पुलिस के मुताबिक, दोनों के घर आमने-सामने हैं। चार दिन पहले अखिलेश की बहन को बहला-फुसलाकर ले जाने के मामले में इदरीश के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया था। पुलिस ने गुरुवार को युवती को बरामद कर लिया था। हालांकि, युवती कहां से मिली और उस समय इदरीश उसके साथ था या नहीं, पुलिस ने इसकी जानकारी नहीं दी है।

घर के बाहर मुंह धो रहे युवक को मारी गोली, सामने ही आरोपी ने खुद को शूट किया: लखीमपुर में दो परिवारों के विवाद का खूनी अंत

घर के बाहर मुंह धो रहा था अखिलेश

ग्रामीणों के मुताबिक, शुक्रवार सुबह करीब सात बजे अखिलेश अपने घर के बाहर बैठकर मुंह धो रहा था। तभी इदरीश अपने घर से बाहर आया। दोनों के बीच गाली-गलौज और विवाद होने लगा। कुछ देर बाद इदरीश घर के अंदर गया और तमंचा लेकर बाहर आया। उसने अखिलेश को धमकाते हुए गोली चला दी। गोली पेट में लगने से अखिलेश जमीन पर गिर पड़ा।

गोली की आवाज सुनकर दोनों परिवारों के लोग और आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। ग्रामीण इदरीश को घटना के लिए कोसने लगे। इसी दौरान इदरीश ने तमंचा अपनी कनपटी पर लगाया और गोली चला दी। गोली आर-पार हो गई और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

दोनों परिवारों में पहले से था तनाव

ग्रामीणों के अनुसार, अखिलेश की बहन और इदरीश के बीच दोस्ती थी। दोनों के प्रेम संबंध होने की भी गांव में चर्चा थी। युवती के परिजनों की शिकायत के बाद पुलिस ने उसे बरामद किया था। इसके बाद से दोनों परिवारों के बीच तनाव बना हुआ था।

अखिलेश निघासन नगर पंचायत में सफाईकर्मी है। उसके पिता रामकिशन की पहले ही मौत हो चुकी है। मां आरती और पत्नी दिव्या घर संभालती हैं। अखिलेश तीन भाइयों और चार बहनों में सबसे बड़ा है। उसका छोटा भाई राहुल भी सफाईकर्मी है।इदरीश चार भाइयों में सबसे बड़ा था। उसके पिता शहजाद और मां बौरा गांव में ही रहते हैं। उसके तीनों छोटे भाई दिल्ली में काम करते हैं। इदरीश की शादी करीब एक साल पहले सिंगाही क्षेत्र में हुई थी। उसकी पत्नी गर्भवती है और इन दिनों मायके में रह रही है।

पहले भी गोलीकांड में हुई थी सजा

ग्रामीणों के मुताबिक, करीब 15 साल पहले इदरीश का नाम एक गोलीकांड में सामने आया था। दो लोगों को गोली मारने के आरोप में उसके खिलाफ हत्या के प्रयास की धारा 307 में मुकदमा दर्ज हुआ था। मामले में उसे सात साल की सजा हुई थी। करीब एक साल पहले ही वह सजा पूरी कर जेल से बाहर आया था।

ग्रामीणों ने पुलिस पर उठाए सवाल

ग्रामीणों ने पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि युवती की बरामदगी के दौरान पुलिस ने इदरीश को भी पकड़ा था, लेकिन बाद में उसे छोड़ दिया गया। ग्रामीणों का दावा है कि यदि इदरीश को नहीं छोड़ा जाता तो यह घटना नहीं होती। हालांकि, पुलिस ने इन आरोपों की पुष्टि नहीं की है।

अधिकारियों का कहना है कि जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी।सीओ निघासन शिवम कुमार ने बताया कि 16 सितंबर को युवती को बहला-फुसलाकर ले जाने के मामले में मुकदमा दर्ज हुआ था। पुलिस ने दोनों पक्षों के विवाद की जानकारी जुटाई है। मौके से साक्ष्य एकत्र किए गए हैं और इदरीश के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है।

एसपी डॉ. ख्याति गर्ग ने बताया कि युवती को साथ ले जाने को लेकर दोनों पक्षों में विवाद की बात सामने आई है। घटना में एक व्यक्ति की मौत हुई है, जबकि दूसरा घायल है। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए गए हैं। घटना के कारणों की जांच की जा रही है।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *