(रणभेरी): उत्तर प्रदेश के प्रयागराज-कौशांबी बॉर्डर पर सोमवार दोपहर एक पटाखा फैक्ट्री में भीषण विस्फोट हो गया। हादसा कौशांबी जिले के मोहम्मदपुर गांव में करीब दोपहर 12:30 बजे हुआ। विस्फोट इतना जोरदार था कि पूरी फैक्ट्री जमींदोज हो गई। हादसे में अब तक 5 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि करीब 25 लोग घायल बताए जा रहे हैं। वहीं, कई लोगों के फैक्ट्री के मलबे में फंसे होने की आशंका है।
पुलिस के मुताबिक, हादसे के वक्त फैक्ट्री में करीब 25 मजदूर काम कर रहे थे। धमाके के बाद फैक्ट्री में रखे पटाखों में लगातार विस्फोट होते रहे, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। धमाके की आवाज करीब 2 किलोमीटर दूर तक सुनाई दी और कुछ ही देर में पूरे इलाके में धुएं का घना गुबार छा गया।

विस्फोट का असर इतना जबरदस्त था कि फैक्ट्री के आसपास करीब 50 मीटर के दायरे में मौजूद 5 से 7 मकान भी क्षतिग्रस्त हो गए। आसपास के घरों में रहने वाले कुछ लोग भी घायल हुए हैं।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और एयरफोर्स की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। मोहम्मदपुर गांव प्रयागराज बॉर्डर पर स्थित है और यहां से मनौरी एयरफोर्स स्टेशन करीब डेढ़ किलोमीटर की दूरी पर है।

हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने भी रेस्क्यू ऑपरेशन में मदद की। सामने आए वीडियो में ग्रामीण झुलसे हुए घायलों को चारपाई पर ले जाते हुए दिखाई दे रहे हैं। कुछ घायल जमीन पर भी पड़े नजर आए।
प्रत्यक्षदर्शी मुनीश कुमार पांडे के मुताबिक, करीब 12:30 बजे अचानक धमाके शुरू हुए। उस वक्त फैक्ट्री में दो दर्जन से ज्यादा लोग मौजूद थे। उन्होंने बताया कि शुरुआती रेस्क्यू में कुछ लोगों को बाहर निकाला गया है। हालांकि, स्थानीय स्तर पर मृतकों की संख्या को लेकर अलग-अलग दावे सामने आ रहे हैं, लेकिन अधिकारियों ने अभी इसकी पुष्टि नहीं की है।
फैक्ट्री के मालिक का नाम आदिल बताया जा रहा है। फिलहाल पुलिस, एयरफोर्स और रेस्क्यू टीमें मलबे में फंसे लोगों की तलाश में जुटी हैं। अधिकारियों का कहना है कि आग पूरी तरह बुझने और राहत-बचाव अभियान पूरा होने के बाद ही हादसे में हुए कुल नुकसान और मृतकों की वास्तविक संख्या स्पष्ट हो पाएगी।
