चलती स्लीपर बस में 11वीं की छात्रा से गैंगरेप, ड्राइवर-कंडक्टर गिरफ्तार; परी चौक से कश्मीरी गेट तक 47 किमी चलता रहा बस

चलती स्लीपर बस में 11वीं की छात्रा से गैंगरेप, ड्राइवर-कंडक्टर गिरफ्तार; परी चौक से कश्मीरी गेट तक 47 किमी चलता रहा बस

(रणभेरी): दिल्ली में चलती स्लीपर बस में 16 साल की छात्रा के साथ सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है। घटना 4 अगस्त की बताई जा रही है, जिसकी जानकारी पुलिस ने 31 अगस्त को दी। मामले में पुलिस ने बस चालक कुलदीप और परिचालक संदीप को गिरफ्तार किया है। वारदात में इस्तेमाल स्लीपर बस को भी कब्जे में लेकर फोरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है।

पुलिस के अनुसार, छात्रा उत्तर प्रदेश के मैनपुरी जिले की रहने वाली है और 11वीं कक्षा में पढ़ती है। परिवार में विवाद के बाद वह बिना बताए नोएडा में रहने वाले अपने रिश्तेदार के घर जाने के लिए निकली थी। इसी दौरान वह ग्रेटर नोएडा के परी चौक पहुंची। बारिश और अंधेरा होने के कारण वह रास्ता भटक गई और नोएडा जाने के लिए वाहन का इंतजार करने लगी।

खाली स्लीपर बस को देखकर रुकने का इशारा किया

पुलिस जांच में सामने आया कि इसी दौरान एक खाली स्लीपर बस वहां से गुजरी। छात्रा ने बस को रोकने का इशारा किया। बस चालक और कंडक्टर ने उसे अंदर बैठा लिया। दोनों ने छात्रा से कहा कि बस नोएडा के सेक्टर-63 की ओर जा रही है।

पुलिस के मुताबिक, बस कुछ दूर चलने के बाद कंडक्टर ने छात्रा के साथ अश्लील व्यवहार करने की कोशिश की। छात्रा ने विरोध किया। आरोप है कि इसके बाद चालक और कंडक्टर ने उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। विरोध करने पर उसे जान से मारने की धमकी भी दी गई।

पर्दे लगे होने से बाहर से अंदर नहीं दिख रहा था

जांच में यह भी सामने आया कि स्लीपर बस के अंदर पर्दे लगे हुए थे। पुलिस का कहना है कि बस के अंदर का हिस्सा बाहर से दिखाई नहीं दे रहा था। आरोपियों ने कथित तौर पर इसी स्थिति का फायदा उठाकर अपराध को अंजाम दिया। पुलिस के अनुसार, परी चौक से छात्रा को बैठाने के बाद बस करीब 47 किलोमीटर तक चलती रही। बाद में आरोपियों ने छात्रा को देर रात कश्मीरी गेट बस टर्मिनल के पास रिंग रोड पर उतार दिया और वहां से फरार हो गए।

चलती स्लीपर बस में 11वीं की छात्रा से गैंगरेप, ड्राइवर-कंडक्टर गिरफ्तार; परी चौक से कश्मीरी गेट तक 47 किमी चलता रहा बस

रात में ही पुलिस के पास पहुंची छात्रा

बस से उतारे जाने के बाद छात्रा ने कश्मीरी गेट पुलिस से संपर्क किया और पूरी घटना की जानकारी दी। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। छात्रा के बयान और शिकायत के आधार पर पुलिस टीम ने बस की पहचान करने और उसके पूरे रूट का पता लगाने के लिए अलग-अलग स्थानों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। जांच टीम ने रास्ते में लगे कैमरों की मदद से बस की आवाजाही का पता लगाया। इसके बाद पुलिस को आरोपियों तक पहुंचने में मदद मिली।

तिमारपुर की पार्किंग से दोनों पकड़े गए

पुलिस ने जांच के दौरान बस चालक कुलदीप और कंडक्टर संदीप को तिमारपुर इलाके की एक बस पार्किंग से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल बस को भी जब्त कर लिया है। बस की फोरेंसिक जांच कराई जा रही है, ताकि मामले से जुड़े अन्य साक्ष्य जुटाए जा सकें।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, घटना वाले दिन बस में तकनीकी खराबी आ गई थी। इसके बाद दोनों आरोपी बस को मरम्मत के लिए नोएडा के सूरजपुर इलाके की एक वर्कशॉप में लेकर गए थे। मरम्मत का काम पूरा होने के बाद दोनों खाली बस को तिमारपुर की तरफ ले जा रहे थे। इसी दौरान परी चौक के पास छात्रा ने बस को रुकने का इशारा किया था।

मैनपुरी से नोएडा जा रही थी छात्रा

पुलिस के मुताबिक, छात्रा मूल रूप से मैनपुरी जिले की रहने वाली है। परिवार में विवाद के बाद वह घर से बिना बताए नोएडा में रहने वाले अपने कजिन के पास जाने के लिए निकली थी। मैनपुरी से नोएडा की दूरी 300 किलोमीटर से अधिक है। रास्ते में वह ग्रेटर नोएडा के परी चौक पर उतर गई थी। भारी बारिश और अंधेरा होने के कारण उसे आगे जाने के लिए वाहन नहीं मिल रहा था। इसी दौरान खाली बस वहां पहुंची और उसने चालक से मदद की उम्मीद में बस रोकने का इशारा किया।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *