वाराणसी (रणभेरी ): वाराणसी के चितईपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत सुंदरपुर–नेवादा मार्ग पर मंगलवार को दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। एक ऑटो चालक की धारदार ब्लेड से गला रेतकर हत्या कर दी गई। वारदात के कुछ ही देर बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। हालांकि पुलिस कस्टडी के दौरान आरोपी ने भागने की कोशिश करते हुए पुलिस पर फायरिंग कर दी, जिसके बाद जवाबी कार्रवाई में वह मुठभेड़ में घायल हो गया।
पुलिस के अनुसार आरोपी की पहचान विष्णु यादव के रूप में हुई है। उसे पैर में गोली लगी है और फिलहाल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हालत स्थिर बताई जा रही है।
कस्टडी से भागने की कोशिश, पुलिस पर की फायरिंग
एसीपी भेलूपुर गौरव कुमार ने बताया कि ऑटो चालक की हत्या के बाद स्थानीय लोगों की मदद से आरोपी को मौके के पास ही पकड़ लिया गया था। पुलिस अभिरक्षा में ले जाते समय उसने अचानक भागने का प्रयास किया और एक पुलिसकर्मी की पिस्टल छीन ली। पुलिस द्वारा आत्मसमर्पण के निर्देश देने के बावजूद आरोपी ने फायर झोंक दिया। आत्मरक्षा में पुलिस टीम को गोली चलानी पड़ी, जिसमें आरोपी के पैर में गोली लगी।
अस्पताल में इलाज, आज भेजा जाएगा जेल
एसीपी ने बताया कि घायल आरोपी का इलाज चल रहा है और चिकित्सकीय प्रक्रिया पूरी होने के बाद उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेजा जाएगा। वहीं मृतक ऑटो चालक की पहचान अभी तक नहीं हो सकी है। पुलिस ने ऑटो मालिक से संपर्क साधना शुरू कर दिया है।

मधुबन लॉन के सामने हुई वारदात
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, मधुबन लॉन के सामने अचानक ऑटो चालक लहूलुहान हालत में वाहन से नीचे उतरा और जमीन पर गिर पड़ा। उसकी चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग दौड़े तो आरोपी ब्लेड फेंककर पास की मिठाई की दुकान के रास्ते अपने घर में जा छिपा। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घेराबंदी कर उसे दबोच लिया, जबकि घायल चालक को तत्काल ट्रॉमा सेंटर भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

जांच में जुटी पुलिस, डीसीपी क्राइम मौके पर
घटना की गंभीरता को देखते हुए डीसीपी क्राइम सरवणन टी भी घटनास्थल पर पहुंचे और साक्ष्य संकलन कराया। उन्होंने बताया कि हत्या के कारणों की गहन जांच की जा रही है। फिलहाल मृतक की शिनाख्त नहीं हो पाई है। ऑटो अशोक विहार कॉलोनी निवासी एक व्यक्ति का बताया जा रहा है, जिससे संपर्क किया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि मामले से जुड़े हर पहलू की जांच कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
