कार सवार बदमाशों का तांडव, फिल्मी अंदाज में ओवरटेक कर रोका ट्रक, सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस
वाराणसी (रणभेरी सं.)। लोहता थाना क्षेत्र में रिंग रोड फेज-2 के सभईपुर इलाके में मंगलवार को दिनदहाड़े लूट और मारपीट की वारदात से सनसनी फैल गई। कार सवार बदमाशों ने एक ट्रक चालक को निशाना बनाते हुए सरेराह हमला कर 30 हजार रुपये लूट लिए। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, पीड़ित चालक उमेश कुमार ट्रक लेकर अपने गंतव्य की ओर जा रहा था। तभी पीछे से आए कार सवार युवकों ने ओवरटेक कर ट्रक के आगे गाड़ी खड़ी कर दी। ट्रक रुकते ही बदमाशों ने चालक को नीचे खींच लिया और गाली-गलौज करते हुए बेरहमी से मारपीट की। इस दौरान ट्रक के शीशे भी तोड़ दिए गए।
बदमाशों ने चालक के पास मौजूद करीब 30 हजार रुपये छीन लिए और उसे घायल अवस्था में छोड़कर फरार हो गए। घटना के बाद चालक ने लोहता पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस के अनुसार, आरोपियों की पहचान के लिए क्षेत्र के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और जल्द ही गिरफ्तारी का दावा किया गया है।
