प्रेमिका के घर के सामने खुद को आग लगाने वाले किशोर की मौत, एक सप्ताह से अस्पताल में चल रहा था इलाज

प्रेमिका के घर के सामने खुद को आग लगाने वाले किशोर की मौत, एक सप्ताह से अस्पताल में चल रहा था इलाज

वाराणसी (रणभेरी): चोलापुर थाना क्षेत्र के राजेपुर गांव निवासी 17 वर्षीय किशोर की इलाज के दौरान मौत हो गई। किशोर ने बीते 29 मई की रात जंसा थाना क्षेत्र के हरसोस गांव में कथित रूप से खुद पर पेट्रोल डालकर आग लगा ली थी। गंभीर रूप से झुलसने के बाद उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां करीब एक सप्ताह तक जीवन और मौत से जूझने के बाद उसने दम तोड़ दिया।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं मृतक के परिजन अब मामले में हत्या की आशंका जताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं।

70 प्रतिशत से अधिक झुलस गया था किशोर

जानकारी के अनुसार किशोर आग की चपेट में आने से 70 प्रतिशत से अधिक झुलस गया था। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने किसी तरह आग बुझाई और तत्काल पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने उसे उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया था, जहां उसका इलाज चल रहा था।

प्रेम संबंध को लेकर था परेशान

अस्पताल में उपचार के दौरान किशोर ने पुलिस को दिए बयान में बताया था कि वह हरसोस गांव की एक युवती से प्रेम करता था। पिछले कुछ दिनों से दोनों के बीच बातचीत नहीं हो पा रही थी। बताया जाता है कि युवती के पास मोबाइल नहीं होने के कारण संपर्क टूट गया था, जिससे वह मानसिक रूप से परेशान था।

किशोर कथित तौर पर युवती से मिलने उसके घर पहुंचा था। इसी दौरान उसने अपने ऊपर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा ली। हालांकि पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है और घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।

प्रेमिका के घर के सामने खुद को आग लगाने वाले किशोर की मौत, एक सप्ताह से अस्पताल में चल रहा था इलाज

वेटर का काम करने की बात कहकर निकला था घर से

मृतक के पिता रामनिवास राजभर ने बताया कि वह मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। उनका बेटा 29 मई को घर से वेटर का काम करने की बात कहकर निकला था। परिवार को यह जानकारी नहीं थी कि वह हरसोस गांव गया है। बाद में रिश्तेदारी से फोन आने पर घटना की जानकारी मिली। पिता के अनुसार जब वे मौके पर पहुंचे तब तक स्थानीय लोग आग बुझा चुके थे और पुलिस भी पहुंच चुकी थी। इसके बाद घायल किशोर को अस्पताल में भर्ती कराया गया था।

प्रेमिका के घर के सामने खुद को आग लगाने वाले किशोर की मौत, एक सप्ताह से अस्पताल में चल रहा था इलाज

परिवार में सबसे बड़ा था अमन

परिजनों के मुताबिक अमन तीन भाइयों में सबसे बड़ा था और नौवीं कक्षा में पढ़ता था। परिवार का कहना है कि वह पढ़ाई में अच्छा था और भविष्य को लेकर कई सपने देखता था। उसकी मौत के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

पुलिस कर रही हर पहलू की जांच

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्रारंभिक जांच में मामला प्रेम संबंध से जुड़ा प्रतीत हो रहा है, लेकिन किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले सभी तथ्यों की जांच की जा रही है। मृतक के बयान, घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और अन्य जानकारियों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मामले के कई पहलुओं पर और स्पष्टता आने की उम्मीद है।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *