(रणभेरी): जनपद में पुलिस विभाग की कार्यप्रणाली को अनुशासित और अधिक जवाबदेह बनाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने कड़ा रुख अपनाते हुए बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई की है। एसपी ने विभिन्न ड्यूटी क्षेत्रों में पाई गई गंभीर लापरवाहियों के आधार पर 13 पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है, जबकि 19 अन्य कर्मियों के विरुद्ध विभागीय जांच और अनुशासनात्मक कार्रवाई शुरू करने के निर्देश जारी किए हैं।
सूत्रों के अनुसार, पुलिस अधीक्षक द्वारा समय-समय पर किए जा रहे औचक निरीक्षण, ड्यूटी की समीक्षा तथा फील्ड चेकिंग के दौरान कई स्तरों पर गंभीर अनियमितताएं सामने आईं। जांच में यह पाया गया कि कुछ पुलिसकर्मी बिना किसी पूर्व अनुमति या स्वीकृत अवकाश के निर्धारित रात्री ड्यूटी से अनुपस्थित रहे, जिससे ड्यूटी व्यवस्था प्रभावित हुई।
इसके अतिरिक्त, बकरीद जैसे संवेदनशील अवसर के दौरान भी कुछ कर्मियों द्वारा निर्धारित ड्यूटी स्थल का पालन न करते हुए पीआरवी वाहनों को अन्य स्थानों पर खड़ा किए जाने की पुष्टि हुई। इस तरह की लापरवाही को पुलिस व्यवस्था की गंभीर चूक माना गया।
निरीक्षण के दौरान कई स्थानों पर चौंकाने वाली स्थिति भी सामने आई, जहां पीआरवी ड्यूटी पर तैनात कुछ पुलिसकर्मी ड्यूटी के दौरान सोते हुए पाए गए। वहीं कुछ कर्मी मोबाइल डाटा टर्मिनल (एमडीटी) के संचालन एवं उससे संबंधित मूलभूत जानकारियों से भी अनभिज्ञ पाए गए, जो तकनीकी कार्यप्रणाली में गंभीर कमी को दर्शाता है।
इसके अलावा टोल प्लाजा एवं संवेदनशील चेक पोस्टों पर तैनाती के दौरान भी लापरवाही उजागर हुई, जहां गो-तस्करी की रोकथाम, संदिग्ध वाहनों की जांच तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगाए गए कर्मी अपने कर्तव्यों के प्रति सजग नहीं पाए गए। कई स्थानों पर ड्यूटी पर तैनात अधिकारी और कर्मचारी सक्रिय निगरानी के बजाय विश्राम करते नजर आए, कुछ स्थानों पर चारपाई लगाकर आराम करने की स्थिति भी पाई गई।
प्रशासन ने इस पूरे घटनाक्रम को पुलिस की कार्यशैली, अनुशासन और सार्वजनिक छवि के विपरीत माना है। इसे गंभीर अनुशासनहीनता की श्रेणी में रखते हुए कड़ी कार्रवाई की गई है।
पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने स्पष्ट संदेश देते हुए कहा है कि पुलिस बल में अनुशासन सर्वोपरि है और किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा, ईमानदारी और सतर्कता के साथ करने की सख्त हिदायत दी है। साथ ही चेतावनी दी है कि भविष्य में ड्यूटी में किसी भी प्रकार की शिथिलता, आदेशों की अवहेलना या अनुशासनहीनता पाए जाने पर कठोरतम विभागीय कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
