बीएचयू के पास युवती से छेड़छाड़, वीडियो वायरल होने पर एक आरोपी गिरफ्तार

बीएचयू के पास युवती से छेड़छाड़, वीडियो वायरल होने पर एक आरोपी गिरफ्तार

वाराणसी (रणभेरी): काशी हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) परिसर से सटे हैदराबाद गेट के पास एक युवती के साथ अभद्रता का मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार, स्कॉर्पियो वाहन में सवार कुछ युवकों ने युवती के साथ अनुचित व्यवहार किया। घटना का विरोध करते हुए युवती ने मौके पर ही वीडियो बना लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर तेजी से फैल गया।

बताया जा रहा है कि युवती के शोर मचाने पर आसपास के लोग घटनास्थल की ओर जुटने लगे। भीड़ बढ़ती देख आरोपी वहां से फरार हो गए। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने तत्काल मामले का संज्ञान लिया और जांच शुरू की।

बीएचयू के पास युवती से छेड़छाड़, वीडियो वायरल होने पर एक आरोपी गिरफ्तार

पुलिस कार्रवाई करते हुए चितईपुर थाने की टीम ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए युवक की पहचान दीप नारायण सिंह (29) के रूप में हुई है, जो सोनभद्र जनपद का निवासी बताया जा रहा है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त स्कॉर्पियो वाहन को भी कब्जे में ले लिया है।

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, मामले में शामिल दूसरे आरोपी की तलाश जारी है और उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। एसीपी भेलूपुर ने आश्वासन दिया है कि घटना में शामिल सभी आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि ऐसी किसी भी घटना की जानकारी तुरंत प्रशासन को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *